ICICI Bank Q1 Results: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक ICICI Bank के लिए जून तिमाही उम्मीद से अधिक बेहतर रही। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40 फीसदी उछलकर 9648 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं बाजार का अनुमान 8982 करोड़ रुपये के मुनाफे का था। बैंक को ब्याज से शुद्ध आय (नेट इंटेरेस्ट इनकम- NII) भी इस दौरान 38 फीसदी बढ़कर 13,210 करोड़ रुपये से 18227 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक के लिए जून तिमाही शानदार रहेगी, इसका अनुमान पहले से ही था जिसके चलते शेयरों की धड़ाधड़ खरीदारी हो रही है। तेज खरीदारी के दम पर इसके शेयर इस हफ्ते शेयर करीब 4 फीसदी उछलकर बीएसई पर 996.70 रुपये (ICICI Bank Share Price) पर पहुंच गए। वहीं शुक्रवार को इंट्रा-डे में तो यह 1,001.50 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था।
