कोविड-19 के कारण इस साल मार्च में शेयर बाजार औंधे मुंह गिर गए और बाजार अपने निचले स्तर पर आ गया था। लेकिन इसके बाद विकसित देशों के राहत पैकेज और अर्थव्यवस्था में उम्मीद से तेज रिकवरी के कारण स्थिति सुधरी और BSE के सेंसेक्स से साथ NSE का निफ्टी अब रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर पहुंच गया। Nifty 24 मार्च से निचले स्तर से 79% तक उछला है। वहीं, सेंसेक्स 25,638 अंकों के निचले स्तर से अब 46,666 अंकों पर पहुंच गया है। इस साल देश में IPOs की बहार रही। भारतीय कंपनियों ने लोहे पर हथौड़ा उस समय चलाया जब लोहा गर्म था।
इस साल अब तक 15 कंपनियां IPO ला चुकी हैं और कुछ और IPO पाइपलाइन में हैं। इन कंपनियों ने IPO के जरिये करीब 30,000 करोड़ रुपये जुटाये हैं। खास बात यह है कि इनमें 3 IPO को छोड़कर बाकी 11 IPO ने लिस्टिंग के दिन ही अपने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दे दिया। इन 11 कंपनियों ने IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को अपने डेब्यू पर ही 131% तक रिटर्न दिया। जिन कंपनियों की लिस्टिंग डिस्काउंट पर हुई, इनमें इक्विटस स्मॉल फाइनेंस बैंक (Equitas Small Finance Bank), एंजेल ब्रोकिंग (Angel Broking) और एसबीआई कार्ड्स (SBI Cards) शामिल हैं। लेकिन इन कंपनियों के स्टॉक्स भी अब इश्यू प्राइस के मुकाबले मुनाफे में है।
इन स्टॉक्स ने दिया तगड़ा मुनाफा
लिस्टिंग के बाद से एंजेल ब्रोकिंग के शेयर में 30% का तेजी आई है। इक्विटस स्मॉल फाइनेंस बैंक और एसबीआई कार्ड्स के स्टॉक भी करीब 20% चढ़े हैं। वहीं, बर्गर किंग, ग्लैंड फार्मा, लिखिता इंफ्रास्ट्रक्चर, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, UTI एसेट मैनेजमेंट, कंप्यूटर एज मैनेजमेंट, केमकॉन स्पेशियलिटी केमिकल्स, रूट मोबाइल, हैपियेस्ट माइंड्स, माइंड स्पेस बिजनेस पार्क और रोसेरी बायोटेक ने अपने निवेशकों को तगड़ा मुनाफा दिया है।
अधिक सब्सक्रिप्शन वाले स्टॉक्स ने दिया ज्यादा रिटर्न
जिन कंपनियों के IPO जितना अधिक ओवर सब्सक्राइब हुए, उन कंपनियों ने अपनी लिस्टिंग में उतना ही अच्छा रिटर्न दिया। इस साल मिसेज बेक्टर्स फूड स्पेशलिस्ट्स के IPO को मिलाकर 15 IPO आ चुके हैं। ये सभी IPO 2 गुना से लेकर 156 गुना तक ओवर सब्सक्राइब हुए हैं। इस साल सबसे अधिक बर्गर किंग का IPO 156 गुना सब्सक्राइब हुआ। उदाहरण के लिए Chemcon Speciality का IPO 149 गुना सब्सक्राइब हुआ और कंपनी ने अपनी लिस्टिंग के दिन 115% का रिटर्न दिया। इसी तरह Happiest Minds 151 गुना सब्सक्राइब हुआ और इसने 111% का रिटर्न दिया। रूट मोबाइल 73 गुना सब्सक्राइब हुआ और इसने 102% का रिटर्न दिया। वहीं, बर्गर किंग का IPO 156 गुना सब्सक्राइब हुआ और डेब्यू पर इसने 92% का रिटर्न दिया।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
