आपने कई बार सुना होगा कि किसी बड़ी कंपनी ने अपने कार्मचारियों को उनके काम से खुश होकर बड़े-बड़े तोहफे दिए। इसी कड़ी में अब एक नाम भारतीय IT सेक्टर की कंपनी Coforge Ltd का भी जुड़ गया है। कंपनी ने अपने शानदार फाइनेंशियल नतीजों से खुश होकर अपने सभी 21,000 से ज्यादा कर्मचारियों को Apple iPad देने का ऐलान किया है। Coforge ने गुरुवार, 27 अप्रैल को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा की। उसने बताया कि कंपनी का रेवेन्यू एक अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है, जो कि कंपनी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अपने कर्मचारियों के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए, Coforge ने घोषणा की है कि वो अपने हर एक कर्मचारी को एक Apple iPad देगी। कंपनी के CEO सुधीर सिंह ने कहा कि कंपनी ने पिछली तिमाही में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने बताया कि पहला, डॉलर के लिहाज से कंपनी ने 5% की दर से ग्रोथ की और दूसरा, कंपनी ने एक अरब डॉलर का रेवेन्यू हासिल किया। CEO ने भरोसा जताया कि इस प्रदर्शन से कंपनी 2023-24 में बेहतर प्रदर्शन करती रहेगी।
कर्मचारियों के लिए नॉन मॉनेटरी इंसेंटिव के प्रावधान पर कंपनी की लागत 46.50 करोड़ रुपए है, उसका मानना है कि अपने कर्मचारियों के साथ कंपनी की उपलब्धि का जश्न मनाना एकदम सही है।
Coforge मिड-कैप आईटी कंपनियों में एक प्रमुख नाम है। इसने तीन साल में 260% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। गुरुवार को इसका स्टॉक 2051 रुपए पर बंद हुआ, जिसमें 2.73% की बढ़त दिखी।
हालांकि, स्टॉक ने पिछले साल खराब प्रदर्शन किया है। कई IT सेक्टर की कंपनियों के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने के बाद अपने कर्मचारियों को Apple iPad उपहार में देने का Coforge का फैसला कंपनी के कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना को दर्शाता है।