Jio Cloud PC : रिलायंस ने सोमवार, 29 अगस्त को आधिकारिक रूप से जियो क्लाउड पीसी को आधिकारिक रूप से लॉन्च करने का ऐलान कर दिया। यह वर्चुअल पीसी है जो Jio True 5G में इस्तेमाल होने वाले क्लाउड में होता है। इस डिवाइस से किफायती दरों पर हर बिजनेस और घरों के लैपटॉप को पावर मिलने का दावा किया गया है।
नहीं खरीदने होंगे कंप्यूटर हार्डवेयर
कंपनी ने नई डिवाइस का ऐलान करते हुए कहा, “JioAirFiber से लोग कंप्यूटर हार्डवेयर खरीदने और उन्हें समय-समय पर अपग्रेड कराने से जुड़े सभी खर्चों से बच सकते हैं। साथ ही Jio Cloud PC नाम के क्लाउड में होस्ट किए गए वर्चुअल पीसी के इस्तेमाल को अपना सकते हैं।”
रिलायंस ने कहा, Jio Cloud PC के लिए कोई अतिरिक्त अग्रिम इनवेस्टमेंट की जरूरत नहीं होती है। कंपनी ने कहा कि यह डिवाइस देश के स्टूडेंट्स और छोटे कारोबारियों के लिए गेम चेंजर होगी। यह सॉल्यूशन बड़े इंटरप्राइजेज के लिए भी मददगार होगा।
सर्विस के लिए ही करना होगा भुगतान
जियो प्लेटफॉर्म्स के सीईओ किरण थॉमस ने कहा, “बिना किसी अग्रिम इनवेस्टमेंट या समय-समय पर अपग्रेड की टेंशन के साथ एक यूजर को सिर्फ इस्तेमाल की गई सर्विस के लिए ही भुगतान करना होगा। इस प्रकार यह हर भारतीय घर और बिजनेस के एक पीसी, यहां तक कि कई पीसी को पावर देने के बेहद किफायती तरीका है।”
फिलहाल इस डिवाइस की कीमत और उपलब्धता का कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, इसके जियो 5जी सर्विसेज के लॉन्च होने के साथ ही उपलब्ध होने की संभावना है।