India vs Pakistan T20 World Cup 2024: भारत के क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार 9 जून का दिन बेहद खास है। वजह है ICC मेन्स T20 World Cup में रात 8 बजे से भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहा रोमांचक मुकाबला। न्यूयॉर्क में एक दूसरे के चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित महामुकाबले में जीत के लिए दोनों टीम एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगी। टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को आसानी से हरा दिया था। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम को अमेरिका से सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' वाला है क्योंकि हारने पर सुपर 8 में उसका आगे जाना बहुत मुश्किल हो सकता है।
T20 World Cup में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों के इतिहास पर नजर डालें तो कुल 12 मैच हुए हैं। इनमें से भारत ने 8 मैच जीते और पाकिस्तान ने 3। सितंबर 2007 में हुआ एक मैच ड्रॉ हुआ था। भारत और पाकिस्तान दोनों T20 वर्ल्ड कप विजेता रह चुके हैं। भारत 2007 में जोहान्सबर्ग में फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहली बार चैंपियन बना था। वहीं पाकिस्तान ने 2009 में T20 World Cup जीता था। उसके बाद से दोनों में से कोई भी टीम ट्रॉफी नहीं जीत पाई है।
T20 वर्ल्ड कप 2024 का भारत Vs पाकिस्तान मैच 9 जून, रविवार को भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के पास पूरे T20 विश्व कप 2024 के प्रसारण के अधिकार हैं। मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+Hotstar) पर उपलब्ध होगी। पाकिस्तान में PTV और Ten Sports के पास प्रसारण अधिकार हैं। USA और कनाडा में WillowTV इस मेगा क्लैश का सीधा प्रसारण करेगा। इंग्लैंड में,दर्शक Sky Sports पर मैच देख सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में मैच का प्रसारण प्राइम वीडियो पर किया जाएगा। न्यूजीलैंड में Sky Sport NZ के पास प्रसारण अधिकार हैं।
भारत और पाकिस्तान का मैच न्यूयॉर्क में नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। 34,000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम के इस मुकाबले के लिए खचाखच भरे होने की उम्मीद है। इस वर्ल्ड कप में इस्तेमाल की गई पिचों की पहले ही आलोचना हो चुकी है, क्योंकि इसमें असमान उछाल था, जिसके कारण भारत के कप्तान रोहित शर्मा को आयरलैंड के खिलाफ कंधे पर चोट लगने के कारण रिटायर हर्ट होना पड़ा था।
IND vs PAK के लिए कौन रह सकता है प्लेइंग इलेवन में
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), बाबर आजम (कप्तान), सैम अयूब, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, शादाब खान, हारिस रऊफ, मोहम्मद आमिर, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी।