गर्मियों का मौसम आते ही शरीर पर गर्मी का असर साफ नजर आने लगता है—पसीना ज्यादा, थकान जल्दी और भूख भी कम लगती है। ऐसे में सेहत को बनाए रखना एक चुनौती बन जाता है। अधिकतर लोग ठंडक पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम या फ्रोजन आइटम्स का सहारा लेते हैं, जो तुरंत राहत तो देते हैं, लेकिन लंबे समय में सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, गर्मियों में खाने में ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए जिनकी तासीर ठंडी हो और जो पाचन तंत्र को नुकसान न पहुंचाएं। इस मामले में कुछ खास दालें बेहद फायदेमंद साबित हो सकती हैं।
ये न केवल शरीर को अंदर से ठंडा रखती हैं बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण सेहतमंद भी बनाती हैं। इस लेख में हम आपको ऐसी दालों के बारे में बताएंगे जो गर्मी में आपके खानपान को हेल्दी और कूल बना सकती हैं।
मूंग दाल को आयुर्वेद में सबसे हल्की और सुपाच्य दाल माना गया है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और मिनरल्स भरपूर होते हैं। इसकी तासीर ठंडी होती है, जो गर्मियों में पेट की जलन और गर्मी से राहत देती है। मूंग दाल की पतली खिचड़ी या सादा तड़का इसे और पचने लायक बनाता है।
उड़द दाल यानी ब्लैक ग्राम की तासीर भी ठंडी होती है। इसमें विटामिन और प्रोटीन भरपूर होते हैं। ये दाल बुखार और सूजन जैसी स्थितियों में राहत देती है। पुरुषों के लिए ये खास लाभकारी मानी जाती है। हालांकि, गठिया या अस्थमा से पीड़ित लोगों को इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
सोयाबीन की दाल प्रोटीन का पावरहाउस है। गर्मियों में ये दाल शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के साथ ही मांसपेशियों को मज़बूती देती है। इसमें ऊर्जा, पोटैशियम, कैल्शियम और हृदय के लिए लाभकारी तत्व मौजूद होते हैं। ये दाल डाइट में शामिल करने से एनर्जी लेवल भी बेहतर रहता है।
गर्मियों के मौसम में चना दाल, खासकर लौकी-चना दाल की सब्जी, पेट के लिए बेहद फायदेमंद होती है। इसमें आयरन, फोलेट, प्रोटीन और ऊर्जा देने वाले तत्व अच्छी मात्रा में मिलते हैं। ये न सिर्फ पाचन को सुधारती है बल्कि दिनभर एक्टिव बनाए रखने में भी मददगार है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।