आपका चेहरा आईना है जिसमें साफ दिख सकते हैं बीमारियों के लक्षण
चेहरे पर किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करें। समय पर डॉक्टर से सलाह लें और जरूरी जांच कराएं। संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और नियमित व्यायाम से त्वचा और शरीर दोनों स्वस्थ रह सकते हैं
चेहरे की त्वचा का रूखा, सूखा या पपड़ीदार होना थायरॉयड की समस्या या शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकता है।
हम अक्सर चेहरे पर दिखने वाले बदलावों को केवल कॉस्मेटिक या सौंदर्य से जुड़ी समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन सच यह है कि चेहरे पर आने वाले कुछ खास निशान और रंगत में बदलाव आपके शरीर के भीतर चल रही स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकते हैं। डॉक्टरों और विशेषज्ञों के अनुसार, चेहरे की त्वचा, रंग, बनावट और होंठों के रंग में बदलाव कई बार गंभीर बीमारियों की ओर इशारा करते हैं। आइए जानते हैं कि चेहरे के कौन-कौन से बदलाव किन बीमारियों का संकेत हो सकते हैं और इन्हें नजरअंदाज करना क्यों खतरनाक है।
स्किन टैग्स (Skin Tags)
चेहरे या गर्दन पर छोटे-छोटे मांस के उभरे हुए हिस्से, जिन्हें स्किन टैग्स कहते हैं, आमतौर पर इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत हो सकते हैं। यह डायबिटीज़ या मेटाबॉलिक सिंड्रोम जैसी बीमारियों का शुरुआती लक्षण हो सकता है।
स्पाइडर एंजियोमास (Spider Angiomas)
चेहरे पर नीली या लाल रंग की आड़ी-तिरछी नसें दिखना, जिन्हें स्पाइडर एंजियोमास कहा जाता है, लिवर सिरोसिस या हेपेटाइटिस जैसी गंभीर लिवर बीमारियों का संकेत हो सकता है।
आंखों के ऊपर पीले बम्प्स (Xanthelasma)
अगर आंखों के ऊपर या नीचे पीले रंग के उभरे हुए दाने दिखें तो यह शरीर में हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराना चाहिए।
चेहरे पर अत्यधिक ऑयल (Excess Oil)
चेहरे पर जरूरत से ज्यादा ऑयलीनेस हार्मोनल बदलाव, थायराइड या पीसीओएस जैसी समस्याओं का संकेत हो सकता है।
मुंह में छाले (Mouth Ulcers)
बार-बार मुंह में छाले होना विटामिन बी12, जिंक और फोलिक एसिड की कमी, वायरल इंफेक्शन या स्ट्रेस का लक्षण हो सकता है। चेहरे पर भूरे या धूसर रंग के धब्बे मेलास्मा या हार्मोनल असंतुलन का संकेत हो सकते हैं, जो अक्सर महिलाओं में गर्भावस्था या हार्मोनल बदलाव के दौरान दिखते हैं।
पफी या सूजा हुआ चेहरा (Puffy Face)
सुबह उठते ही चेहरा फूला-फूला या पफी दिखना किडनी, दिल या थायरॉयड ग्रंथि की समस्या का संकेत हो सकता है।
स्किन और आंखों का पीला पड़ना (Jaundice)
त्वचा या आंखों के सफेद हिस्से का पीला पड़ना हेपेटाइटिस, लिवर सिरोसिस या पित्त नलिका में रुकावट जैसी गंभीर बीमारियों का लक्षण हो सकता है।
डार्क सर्कल्स (Dark Circles)
आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स केवल नींद की कमी या थकान से ही नहीं, बल्कि एनीमिया, एलर्जी या अन्य बीमारियों की वजह से भी हो सकते हैं।
ड्राई, फ्लैकी स्किन (Dry, Flaky Skin)
चेहरे की त्वचा का रूखा, सूखा या पपड़ीदार होना थायरॉयड की समस्या या शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकता है।
होंठों के रंग से सेहत का पता
पीले या नीले होंठ: शरीर में ऑक्सीजन की कमी, एनीमिया या लिवर संबंधी समस्या का संकेत।
गहरे लाल होंठ: ब्लड प्रेशर या हार्ट से जुड़ी समस्या।
फीके होंठ: आयरन या विटामिन की कमी।
इन बीमारियों में क्या करें?
चेहरे पर दिखने वाले इन संकेतों को कभी भी हल्के में न लें। अगर स्किन टैग्स, पीले दाने, डार्क सर्कल्स, सूजन या रंगत में किसी भी तरह का असामान्य बदलाव लंबे समय तक बना रहे, तो डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है। सबसे पहले आपको अपने शरीर की संपूर्ण जांच करानी चाहिए, जिसमें ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, थायरॉइड, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट और विटामिन लेवल की जांच शामिल हो सकती है।
इसके अलावा इन बातों का ध्यान रखें:
संतुलित आहार लें: शरीर में पोषक तत्वों की कमी न हो, इसके लिए आयरन, विटामिन बी12, विटामिन D, फोलिक एसिड और प्रोटीन युक्त भोजन नियमित रूप से लें।
पर्याप्त नींद लें: हर दिन कम से कम 7-8 घंटे की नींद शरीर और त्वचा दोनों के लिए जरूरी है।
तनाव कम करें: स्ट्रेस का असर सीधे चेहरे पर दिखता है, इसलिए ध्यान, योग और गहरी सांस लेने की तकनीक अपनाएं।
हाइड्रेटेड रहें: दिनभर में पर्याप्त पानी पीना त्वचा और अंगों के सुचारु कामकाज के लिए बेहद ज़रूरी है।
हेल्थ चेकअप को न टालें: अगर कोई लक्षण बार-बार या लंबे समय तक दिख रहा है तो नियमित मेडिकल जांच जरूर कराएं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।