Aaj Ka Mausam: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार (15 जनवरी) सुबह ठंड का कहर जारी रही। दिल्ली में न्यूनतम तापमान औसत से चार डिग्री सेल्सियस नीचे यानी 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। मौसम अधिकारियों ने बताया कि शहर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि सोमवार से पहले तक मौसम का सबसे कम तापमान था। इससे पहले शनिवार को 3.6 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने मंगलवार को बेहद घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने सोमवार को शीतलहर के बने रहने की आशंका जताई है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के साथ-साथ दिल्ली-NCR कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। इसके कारण 18 ट्रेनें और सैकड़ों उड़ानें देरी से चल रही हैं। फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई, क्योंकि सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में घने कोहरे की चादर छाई हुई थी।
घने कोहरे के कारण रात दो बजे सफदरजंग और पालम में विजिबिलिटी शून्य रही। भारतीय रेलवे के मुताबिक, कोहरे और शीत लहर के कारण 18 ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर ट्रैफिक बेहद धीमा रहा।
इस बीच, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी 'गंभीर' हो रही है। इससे मौसम कार्यालय को मौजूदा ठंड और कोहरे की स्थिति के कारण रेड अलर्ट जारी करना पड़ा। IMD के पूर्वानुमान में मंगलवार तक दिल्ली में घने कोहरे का संकेत दिया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर आने वाली पांच उड़ानों के रूट्स में सोमवार सुबह खराब मौसम के कारण परिवर्तन किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि देर रात 1 बजे से तड़के 5 बजे के बीच चार उड़ानों को रूट डायवर्ट कर जयपुर और एक उड़ान को अहमदाबाद भेजा गया। रविवार को 10 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया था और कुछ को रद्द किया गया था। कम विजिबिलिटी और घने कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर विमान संचालन काफी प्रभावित हुआ है।