Agniveer Recruitment 2023: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव, अब इस डेट तक कर सकते हैं अप्लाई

Agniveer Recruitment 2023: इंडियन आर्मी ने एक बयान में कहा कि अप्लाई के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब 20 मार्च तक खुले हैं, जिसमें उम्मीदवार अपनी आयु, शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानदंड और अन्य योग्यता आवश्यकताओं के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 16 फरवरी को शुरू हुई थी

अपडेटेड Mar 15, 2023 पर 8:26 PM
Story continues below Advertisement
Agniveer Recruitment 2023: पहले अप्लाई करने की आखिरी तारीख 15 मार्च 2023 थी, जिसे आगे बढ़ाकर 20 मार्च 2023 कर दिया गया है

Agnipath Scheme: इंडियन आर्मी ने अग्निवीरों (Agniveer Recruitment 2023) और अन्य की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव के संबंध में एक अधिसूचना जारी की है। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती के लिए अप्लाई करने की लास्ट डेट को आगे बढ़ा दिया है। जो उम्मीदवार किसी वजह से अब तक अप्लाई नहीं कर पाए हैं, वे अब 20 मार्च 2023 तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। पहले अप्लाई करने की अंतिम तारीख 15 मार्च 2023 थी, जिसे 5 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में इंडियन आर्मी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर नोटिस जारी कर इस बारे में जानकारी दी है।

इंडियन आर्मी ने एक बयान में कहा कि अप्लाई के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब 20 मार्च तक खुले हैं, जिसमें उम्मीदवार अपनी आयु, शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानदंड और अन्य योग्यता आवश्यकताओं के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 16 फरवरी को शुरू हुई थी।

ये है भर्ती प्रक्रिया


सेना ने प्रक्रिया में बदलाव के संबंध में हाल ही में विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञापन दिया था। भर्ती तीन चरणों में की जाएगी। पहले चरण में, वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अप्लाई करने वाले सभी उम्मीदवारों को कॉमन एंट्रेंस टेस्ट से गुजरना होगा।

बयान में कहा गया है कि चरण दो में, चयनित उम्मीदवारों को संबंधित सेना भर्ती कार्यालयों द्वारा तय किए गए स्थान पर भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा, जहां वे शारीरिक फिटनेस परीक्षण और शारीरिक माप परीक्षण से गुजरेंगे।

बयान के अनुसार अंत में चरण तीन में, चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। इसके अनुसार कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन सीईई 17 से 30 अप्रैल के बीच पूरे भारत में 175 से 180 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित करने की योजना है।

शुल्क सहित अन्य डिटेल्स

ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के लिए शुल्क 500 रुपये प्रति उम्मीदवार है जिसमें इसका 50 प्रतिशत भारतीय सेना द्वारा वहन किया जाएगा। अप्लाई करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को 250 रुपये का भुगतान करना होगा। वे ऑनलाइन सीईई में शामिल होने के लिए पांच विकल्प भी दे सकते हैं।

ये भी पढ़ें- अग्निवीरों को केंद्र का बड़ा तोहफा! BSF की भर्तियों में मिलेगा 10% आरक्षण, उम्र में भी छूट का ऐलान

बयान में कहा गया है कि बदली गई प्रक्रिया भर्ती के दौरान उन्नत संज्ञानात्मक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करेगी और इसके परिणामस्वरूप देश भर में व्यापक और बेहतर पहुंच होगी। इससे भर्ती रैलियों में भीड़ भी कम होगी और मेडिकल परीक्षण के लिए जाने वाले उम्मीदवारों की संख्या भी कम होगी।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

BSF की भर्तियों में मिलेगा 10% आरक्षण

बता दें कि अभी हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 10 फीसदी आरक्षण देने का ऐलान किया था। इसके साथ ही ऊपरी आयु-सीमा मानदंडों में भी छूट की घोषणा की गई है। हालांकि, आयु सीमा में छूट इस बात पर निर्भर करेगी कि वे पहले बैच का हिस्सा हैं या बाद के बैचों के। पिछले साल 14 जून को सरकार ने तीनों सेवाओं (सेना, नौसेना और वायु सेना) में सैनिकों की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की घोषणा की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।