उमेश पाल हत्याकांड: खौफ में अतीक अहमद का परिवार! पत्नी और भाई ने जताई एनकाउंटर की आशंका, गैंगस्टर के करीबी जफर के घर पर चला बुलडोजर

Umesh Pal Murder Case: जेल में बंद गैंगस्टर अतीक अहमद के परिवार में यूपी पुलिस को लेकर डर बैठ गया है। वह और उसका भाई अशरफ अदालत के सामने दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें एक फर्जी एनकाउंटर में मारना चाहती है। अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भी लापता है लेकिन उसने अदालत में एक याचिका के माध्यम से दावा किया है कि पुलिस उसके दो नाबालिग बेटों को उठा ले गई। इस बीच, उमेश पाल हत्याकांड में प्रयागराज में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के करीबी बिल्डर जफर अहमद के घर पर बुलडोजर चल रहा है...

अपडेटेड Mar 01, 2023 पर 1:43 PM
Story continues below Advertisement
Umesh Pal murder case: अतीक के करीबी जफर अहमद के घर बुलडोजर से कार्रवाई की जा रही है

Umesh Pal Murder Case: उमेश पाल हत्याकांड के आरोपियों पर योगी सरकार का शिकंजा कसता जा रहा है। एक तरफ बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हो चुकी है, तो दूसरी तरफ आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उमेश पाल हत्याकांड में प्रयागराज में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के करीबी बिल्डर जफर अहमद (Zafar Ahmad) के घर पर बुलडोजर चल रहा है। बताया जा रहा है कि प्रयागराज के चकिया स्थित इसके दो मंजिला इमारत में ही उमेश पाल हत्याकांड के बाद शूटर अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन से मिलने आए थे और मिलने के बाद फरार हो गए थे।

समचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उमेश पाल हत्याकांड मामले में प्रशासन प्रयागराज में अतीक अहमद के करीबी जफर अहमद के आवास को तोड़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके घर से कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह घर अवैध तरीके से बनाया गया है, इसलिए इसे तोड़ा जा रहा है। इस बीच, जेल में बंद गैंगस्टर अतीक अहमद के परिवार में यूपी पुलिस को लेकर डर बैठ गया है।

वह और उसका भाई अशरफ अदालत के सामने दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें एक फर्जी एनकाउंटर में मारना चाहती है। अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भी लापता है लेकिन उसने अदालत में एक याचिका के माध्यम से दावा किया है कि पुलिस उसके दो नाबालिग बेटों को उठा ले गई। यूपी पुलिस ने अतीक, अशरफ, शाइस्ता और उसके बेटे असद को अतीक गैंग के अन्य सदस्यों के साथ FIR में आरोपी बनाया है।


सीएम योगी ने दी थी चेतावनी

आपको बता दें कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में प्रयागराज हत्याकांड के आरोपियों को 'मिट्टी में मिला' देने की चेतावनी दी थी। यूपी पुलिस की ओर से जांच चल रही है। प्रयागराज कमिश्नरेट और ATS की टीम ने हत्याकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर कर दिया है। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई है। उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी पूर्व सांसद और बाहुबली अतीक अहमद के बेटे असद अहमद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश बढ़ाए हुए है। वहीं, अब प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है।

माफिया की पत्नी ने लगाई सीएम से गुहार

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन ने उमेश पाल की दिनदहाड़े हुई हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में शाइस्ता परवीन ने कहा है, “शुक्रवार की घटना अत्यंत दुखद और निदंनीय है। इस घटना को लेकर उमेश पाल की पत्नी की ओर से मेरे पति अतीक अहमद, मेरे देवर खालिद अजीम उर्फ अशरफ, मुझे और मेरे बेटों समेत नौ लोगों को नामजद करते हुए 9 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।”

पीटीआई के मुताबिक, पत्र में कहा गया है, “इसमें मेरे पति, देवर और बेटों पर षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया गया है, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मेरे बेटे अली को शूटर बताया गया है जबकि यह आरोप बिल्कुल निराधार है।”

शाइस्ता परवीन के मुताबिक, “सत्यता यह है कि जबसे BSP ने मुझे प्रयागराज से महापौर का उम्मीदवार घोषित किया है, तबसे यहां के एक स्थानीय नेता और आपकी सरकार में कैबिनेट मंत्री ने महापौर का पद अपने पास बनाए रखने के लिए हमारे खिलाफ साजिश करना शुरू कर दिया। इसी साजिश के तहत एक ऐसे व्यक्ति की हत्या करवाई गई, जिसका आरोप मेरे पति पर लगना स्वभाविक है।”

उन्होंने कहा, “उमेश पाल, राजू पाल हत्याकांड में गवाह नहीं थे, बल्कि वह धूमनगंज थाना में दर्ज अपहरण के मुकदमे में वादी थे जिसमें उनकी गवाही 16 और 17 अगस्त, 2016 को दर्ज हो चुकी है।” पत्र में आगे लिखा गया है, “चूंकि प्रयागराज पुलिस पूरी तरह से आपके मंत्री के दबाव में काम कर रही है इसलिए रिमांड के बहाने एक साजिश के तहत मेरे पति और देवर को जेल से बुलाकर रास्ते में उनकी हत्या कराई जा सकती है।”

क्या है मामला?

दरअसल, पिछले सप्ताह शुक्रवार को उमेश पाल और उनके एक सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में एक अन्य सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ जिसे रविवार को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। इस हत्याकांड को लेकर उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने शनिवार को धूमनगंज थाना में एक एफआईआर दर्ज कराई।

FIR में पूर्व सांसद अतीक अहमद, अतीक के भाई अशरफ, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दो बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम और 9 अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 147, 148, 149, 302, 307, 506, 120-B, 34, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा तीन और आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 1932 की धारा सात के तहत मामला दर्ज कराया था।

ये भी पढ़ें- प्रयागराज में सत्ता की लड़ाई में कैसे शुरू हुआ खूनी खेल, राजू पाल की हत्या से लेकर गवाह उमेश पाल के मर्डर तक, समझें पूरा मामला

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।