Char Dham Yatra: उत्तराखंड सरकार (Uttarakhand government) ने चार धाम यात्रा (Char Dham Yatra) के लिए पूरी तैयारी कर ली है। अब चार धाम यात्रा के दौरान बेतहाशा भीड़ नहीं लगेगी। सरकार ने तीर्थयात्रियों की रोजाना की संख्या तय कर दी है। चारधाम यात्रा 3 मई से शुरू होने वाली है। बद्रीनाथ में प्रतिदिन 15,000, केदारनाथ में 12,000, गंगोत्री में 7,000 और यमुनोत्री में 4,000 तीर्थयात्रियों की मंजूरी दी गई है। यह व्यवस्था 45 दिनों के लिए की गई है।
कोरोना महामारी शुरू होने के करीब दो साल बाद चारधाम यात्रा को लेकर लोगों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस बार बड़ी संख्या में लोगों के केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रा के दौरान इन नियमों का करना होगा पालन
बता दें कि चार धाम यात्रा 3 मई को गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ शुरू हो रही है। वहीं केदारनाथ के कपाट 6 मई को और बद्रीनाथ के कपाट 8 मई को खुलेंगे। तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट लेकर जाना जरूरी होगा। इतना ही नहीं सभी तीर्थयात्रियों को चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड के पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है।
आप उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल https://uttarakhandtourism.gov.in पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उत्तराखंड सरकार ने यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था, खान-पान और पार्किंग की व्यवस्था की है।
देश में कोरोना संक्रमण का हाल
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3,324 नए मामले सामने आए हैं और 40 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4,30,79,188 हो गई है और अब तक 5,23,843 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। वहीं एक दिन में 2,876 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। देश में अब तक कुल 4,25,36,253 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव मामलों की संख्या 19,092 है। सरकार कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए वैक्सीनेशन पर जोर दे रही है। अब तक वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,89,17,346 पहुंच गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में 25,95,267 डोज लगाई गई है।