Chennai Rain Updates: तमिलनाडु में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड! पानी-पानी हुआ चेन्नई, 3 लोगों की मौत, स्कूल-कॉलेज बंद

Chennai Rains Updates: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भारी बारिश के कारण आम जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है

अपडेटेड Nov 01, 2022 पर 3:06 PM
Chennai Rains Updates: चेन्नई सहित तमिलनाडु के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो रही है

Chennai Rain Updates: तमिलनाडु  की राजधानी चेन्नई में भारी बारिश के कारण आम जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। दक्षिण भारत में 29 अक्टूबर को उत्तर-पूर्व मानसून के आगमन के बाद से ही तमिलनाडु के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेन्नई और आसपास के जिलों कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में बुधवार तक भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। पिछले 24 साल में तीसरी बार इतनी अधिक बारिश हुई है।

3 लोगों की मौत

चेन्नई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि शहर में मंगलवार को 8.4 सेमी बारिश दर्ज की गई है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, चेन्नई में बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार रात दो लोगों की रुके हुए पानी में करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, मंगलवार को एक महिला की बालकनी का एक हिस्सा उसके ऊपर गिरने से मौत हो गई।


मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे सप्ताह शहर में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। चेन्नई के कई इलाकों में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। IMD ने आज तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, चेन्नई, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम और तिरुवरूर जिलों एवं कराईकल क्षेत्र में गरज और बिजली गिरने के साथ मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है।

स्कूल-कॉलेज बंद

मूसलाधार बारिश के बाद तमिलनाडु के कुछ जिलों में आज यानी एक नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के बीच शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। नागपट्टिनम और तिरुवरूर जिलों में अगले आदेश तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

ये भी पढ़ें- Fire News Updates: पुणे में 7 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, इमारत में पूर्व क्रिकेटर जहीर खान का भी है रेस्तरां

राजधानी चेन्नई सहित इसके पड़ोसी जिलों और तमिलनाडु के अन्य क्षेत्रों में सोमवार रातभर हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही। मूसलाधार बारिश के कारण राज्य की राजधानी एवं निकटवर्ती इलाकों में पानी भर गया और स्कूल बंद करने पड़े।

जलभराव के कारण लगा जाम

चेन्नई में कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित हुआ। चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, नागप्पट्टिनम, तंजावुर और तिरुवरुर जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया। राज्य के तटीय और कावेरी डेल्टा क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने का अनुमान है।

CM स्टालिन आज करेंगे बैठक

चेन्नई मेट्रो रेल फेस-2 प्रोजेक्ट के मद्देनजर सड़कों के कई हिस्सों में बैरिकेट लगाए गए हैं। इस तरह की बुनियादी पहलों के कारण लोग पहले से ही यातायात बाधित होने की समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे में बारिश और जलभराव ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन आज सचिवालय में शीर्ष अधिकारियों की एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें मानसून संबंधी एहतियाती कदमों की समीक्षा की जाएगी। तमिलनाडु में 29 अक्टूबर को पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।