Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में प्रदूषण (Pollution) कम होने के बाद शहर में लगी तमाम पाबंदियों को हटा लिया गया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय (Gopal Rai) ने सोमवार को ऐलान किया है कि 9 नवंबर से दिल्ली में प्राइमरी स्कूल (Primary schools) फिर खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि साथ ही आउटडोर एक्टिविटीज पर लगी रोक हटाने का फैसला लिया है। इसके अलावा ट्रकों की एंट्री पर भी लगी पाबंदियों को हटा ली गई है। साथ ही दिल्ली में जो वर्क फ्रॉम होम () के निर्देश दिए गए थे, उन्हें भी वापस ले लिया गया है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा कि पिछले 2 दिनों से राजधानी के अंदर प्रदूषण में तेजी के साथ सुधार देखा जा रहा है। दिल्ली में लगे फेज 4 के प्रतिबंधो को हटाया जा रहा है। ट्रकों के प्रवेश पर लगी रोक हटा दी गई है।
9 से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल
उन्होंने कहा कि 9 तारीख से दिल्ली में प्राइमरी स्कूल खोले जाएंगे और उसके ऊपर की कक्षाओं में ओपन एक्टिविटी पर लगे प्रतिबंध को भी हटाया जा रहा है। मंत्री ने आगे कहा कि वर्क फ्रॉम होम के निर्देशों में संशोधन करते हुए आज से ऑफिसों में पूरी क्षमता से काम किया जा रहा है।
राय ने कहा कि हाईवे, सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, पाइपलाइन से संबंधित निर्माण कार्य पर लगी रोक हटा ली गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा में आज 7 नवंबर को सुधार देखा गया है। प्रदूषण में मिली राहत के चलते दिल्ली सरकार ने GRAP 4 के प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है।
इससे एक दिन पहले केंद्र की एयर क्वालिटी पैनल ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के अंतिम चरण के तहत दिल्ली-NCR में गैर-BS 6 डीजल से चलने वाले हल्के मोटर वाहनों और ट्रकों के राजधानी में एंट्री करने पर लगाए गए बैन को हटाने का निर्देश दिया था। ये बैन तीन दिन पहले लगाए गए थे।
गोपाल राय ने की उच्च स्तरीय बैठक
दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स पिछले सप्ताह ‘गंभीर’ कैटेगरी में 450 पर पहुंच गया था। जिसके बाद प्रशासन ने तमाम कदम उठाए जिसमें गैर-BS-6 हल्के डीजल वाहनों (कार आदि) पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें एयर क्वालिटी पैनल द्वारा लागू किए गए नए निर्देशों, प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने और 50 प्रतिशत सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के आदेश को रद्द करने के निर्णय पर चर्चा होने की।
एयर क्वालिटी अभी भी ‘बेहद खराब’
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘बेहद खराब’ कैटेगरी में दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य औसत से तीन डिग्री ऊपर 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 352 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग (IMD) ने दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में शाम चार बजे पिछले 24 घंटों में औसत AQI 339 दर्ज किया गया जो शनिवार के 381 के मुकाबले कुछ बेहतर है। वहीं, शुक्रवार को यह 447 पर था।