देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए अच्छे दिन आते हुए नजर आ रहे हैं। दिल्ली की सरकार दिल्ली वालों पर दिलदार हो रही है। 1 जनवरी से दिल्लीवासियों को केजरीवाल सरकार ने बड़ा तोहफा देने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार अपने नागरिकों को 450 तरह के टेस्ट मुफ्त में मुहैया करायेगी। दिल्ली सरकार का ये ऐलान दिल्लीवासियों के लिए नये साल के गिफ्ट के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि नये साल से दिल्ली के निवासियों के लिए 450 प्रकार के टेस्ट बिलकुल फ्री में होंगे। इसके लिए उन्हें एक भी रुपया खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस खबर पर विस्तार से बताते सीएनबीसी-आवाज़ के इकोनॉमिक पॉलिसी एडिटर लक्ष्मण रॉय ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार से यहां के नागरिको बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। आगामी 1 जनवरी से दिल्ली में 450 तरह टेस्ट मुफ्त में होंगे। दिल्ली की आप सरकार द्वारा चलाये जाने वाले मोहल्ला क्लीनिक में इसकी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पहले से चल रहे सरकारी अस्पतालों में भी ये सारे टेस्ट मुफ्त में ही किये जायेंगे।
लक्ष्मण ने आगे कहा कि दिल्ली की सरकार ने स्वास्थ विभाग के बेहद अहम प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसे दिल्ली वासियों की सुविधा के लिहाज से सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है। बता दें कि अभी तक सरकार द्वारा 212 तरह के टेस्ट मुफ्त में किये जा रहे हैं। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब दिल्लीवासियों के लिए 450 किस्म के टेस्ट मुफ्त में होंगे।
लक्ष्मण रॉय ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये फैसला किया है केवल दिल्ली के रहने वालों को ही ये 450 टेस्ट मुफ्त में कराने की सुविधा मिलेगी। इसका मतलब ये है कि किसी और राज्य से दिल्ली में जाकर दूसरे राज्यों के नागरिक मुफ्त सुविधाएं पाने के हकदार नहीं होंगे। इसके लिए वह व्यक्ति दिल्ली का निवासी होना जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये भी कहा है कि अगर कोई दिल्ली निवासी उसके करीब में मोहल्ला क्लीनिक या सरकारी अस्पताल नहीं होने की सूरत में किसी प्राइवेट अस्पताल से ये टेस्ट कराता है तो उसकी भी भरपाई दिल्ली सरकार द्वारा की जायेगी।