Diwali 2022: दिवाली से एक दिन पहले रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आबकारी विभाग ने बिना लाइसेंस के शराब परोसने वाले रेस्तरां पर छापेमारी की। इंडिया टुडे के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न न में छापेमारी कर 230 बोतल से अधिक विदेशी शराब जब्त की। इस दौरान कई पब और रेस्तरां में छापेमारी की गई।
दिल्ली के जिन इलाकों में छापेमारी की गई उनमें पंजाबी बाग का एक रेस्तरां और रजौरी गार्डन का एक रेस्तरां शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि इस छापेमारी में 230 से अधिक विदेशी शराब की बोतलें जब्त की गई हैं। मामले में दिल्ली पुलिस ने बिना लाइसेंस के शराब परोसने के आरोप में अलग-अलग FIR दर्ज की हैं।
रीब्रांडिंग रैकेट का भी भंडाफोड़
कुछ दिन पहले विभाग ने अन्य राज्यों से शराब की रीब्रांडिंग के रैकेट का भी भंडाफोड़ किया गया था। जालसाज हरियाणा की नकली शराब में ब्रांडेड शराब मिलाकर बाजार में बेच रहे थे। आबकारी विभाग ने रैकेट का खुलासा करते हुए बताया कि ये लोग विदेशी शराब में हरियाणा की बनी हुई शराब मिलाकर बेच रहे थे।
आबकारी विभाग ने शुक्रवार को बताया कि बार टेंडरों के एक ग्रुप द्वारा विदेशी शराब में हरियाणा की व्हिस्की मिलाकर और उस बोतल पर दिल्ली का लेबल लगाकर उसकी सप्लाई की जा रही थी।
विभाग ने दिल्ली के करोल बाग, रानी बाग, सरिता विहार और छतरपुर इलाकों में इसका खुलासा किया है। साथ ही बताया कि विदेशी शराब के कुछ और ब्रांड भी मिल रहे हैं जो बिना लाइसेंस के दिल्ली में अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने सुगम और सुरक्षित दिवाली सुनिश्चित करने के लिए बाजारों, मॉल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि विशेष रूप से उन बाजारों, मॉल, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और उन स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जहां लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
अधिकारी ने कहा कि गश्त और अतिरिक्त पिकेट की तैनाती के माध्यम से पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी कर्मी हाई अलर्ट पर हैं। विशेष पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि त्योहारों के मौसम को देखते हुए, हमने बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस पिकेट लगाए गए हैं और कर्मियों को तैनात किया गया है।