'तुम लोग इतिहास लिखोगे': सलमान खान पर फायरिंग से पहले लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने शूटर्स में भरा जोश

Salman Khan House Firing Case: सलमान खान ने मुंबई पुलिस को बताया है कि उनका मानना ​​है कि इस साल अप्रैल में उनके आवास पर गोलीबारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने की थी और इरादा उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों की जान लेना था। अभिनेता का बयान घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस द्वारा एक अदालत में दाखिल आरोपपत्र का हिस्सा है

अपडेटेड Jul 26, 2024 पर 2:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Salman Khan House Firing Case: अनमोल बिश्नोई ने शूटरों से कहा था कि जब वे सलमान खान के घर पर हमला करेंगे तो वे इतिहास रचेंगे

Salman Khan House Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। खबर है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने बॉलीवुड सुपरस्टार के घर पर गोलीबारी करने से पहले शूटरों में जोश भरने के लिए 9 मिनट लंबा भाषण दिया था। इस मामले में मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की तरफ से कोर्ट में दायर चार्जशीट में बताया गया है कि अनमोल बिश्नोई ने दो शूटरों विक्की गुप्ता और सागर पाल से कहा था कि जब वे सलमान खान के घर पर हमला करेंगे तो वे इतिहास रचेंगे। उसने शूटरों से कहा था, 'तुम लोग इतिहास लिखोगे।'

एनडीटीवी द्वारा एक्सेस की गई 1,735 पन्नों की चार्जशीट के अनुसार, अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) ने शूटरों से कहा था, "यह काम अच्छे से करो। काम पूरा होने के बाद, तुम लोग इतिहास लिखोगे।" अनमोल बिश्नोई ने कहा था, "इस काम को करते समय बिल्कुल भी डरना मत। इस काम को करने का मतलब समाज में बदलाव लाना है।"

"सिगरेट पीते रहें..."


भाषण एक ऑडियो मैसेज के जरिए दिया गया था। अनमोल बिश्नोई ने शूटरों से कहा गया था कि वे "ऐसे तरीके से गोली चलाएं कि सलमान खान (Salman Khan) डर जाएं"। चार्जशीट में कहा गया है कि बिश्नोई ने दोनों शूटरों से कहा था कि वे हेलमेट न पहनें और निडर दिखने के लिए सिगरेट पीते रहें। पुलिस ने पाया है कि अनमोल बिश्नोई फायरिंग से पहले विक्की गुप्ता और सागर पाल के लगातार संपर्क में था।

अनमोल बिश्नोई ने शूटर्स से यह भी कहा कि बिश्नोई गैंग का एक तरीका है कि जब भी हम कोई काम करने जाते हैं, तो बंदूक की मैगजीन खाली कर देते हैं। अनमोल बिश्नोई ने ऑडियो नोट में कहा, "आप लोग सलमान खान के घर के बाहर पहुंचते ही मैगजीन खाली कर देना।"

कुछ दिन पहले ही यह बताया गया था कि सलमान खान ने मुंबई क्राइम ब्रांच के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को अपना बयान दर्ज कराते हुए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर मिल रही धमकियों के बारे में भी बताया था।

'मेरे परिवार के सदस्यों की जान लेना था'

सलमान खान ने मुंबई पुलिस (Mumbai police) को बताया है कि उनका मानना ​​है कि इस साल अप्रैल में उनके आवास पर गोलीबारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने की थी और इरादा उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों की जान लेना था। अभिनेता का बयान घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस द्वारा एक अदालत में दाखिल आरोपपत्र का हिस्सा है।

खान ने पुलिस को बताया कि 14 अप्रैल की सुबह जब वह गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित अपने आवास में सो रहे थे, तब उन्होंने पटाखा फूटने जैसी कुछ आवाज सुनी। उन्होंने कहा कि उनके पुलिस अंगरक्षक ने सुबह करीब 4.55 बजे बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने पहली मंजिल की बालकनी पर गोली चलाई है।

ये भी पढ़ें- 'मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश हुई है'; मानहानि मामले में जज से बोले राहुल गांधी, सुनवाई 12 अगस्त तक टली

अभिनेता ने कहा कि पहले भी उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि उनके अंगरक्षक ने बांद्रा पुलिस थाने में गोलीबारी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। बयान में कहा गया कि अभिनेता को बाद में पता चला कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) और उसके भाई अनमोल बिश्नोई ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से हमले की जिम्मेदारी ली है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।