Gold Scheme Fraud: शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा का आया पहला बयान, '​नहीं किया कोई अपराध'

मुंबई सत्र न्यायालय में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर मुकदमा ऋद्धि सिद्धि बुलियंस के मैनेजिंग डायरेक्टर पृथ्वीराज कोठारी ने किया है। शिकायत के मुताबिक, कोठारी ने 5 साल की योजना के तहत 90,38,600 रुपये का निवेश इस आश्वासन पर किया कि उन्हें 2 अप्रैल, 2019 को 5,000 ग्राम 24 कैरेट सोना दिया जाएगा। हालांकि उन्हें वादे के अनुरूप कभी भी सोने की यह मात्रा नहीं दी गई

अपडेटेड Jun 26, 2024 पर 3:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
शिल्पा और राज की ओर से कहा गया कि वे जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

Gold Scheme Fraud Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके व्यवसायी पति राज कुंद्रा ने धोखाधड़ी के आरोपों के बीच अपना पहला बयान जारी किया है। शिल्पा और राज के वकील ने कहा है कि दोनों ने कोई अपराध नहीं किया है और उन्हें उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी। वे कानूनी रूप से इस लड़ाई को लड़ेंगे और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे। इस महीने की शुरुआत में, इस जोड़े पर एक ट्रेडर को गोल्ड स्कीम में धोखा देने का आरोप लगाया गया था।

मुंबई की एक अदालत ने पुलिस को शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, उनके पति राज कुंद्रा और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की जांच करने का निर्देश दिया था। एडिशनल सेशंस जज एन पी मेहता ने पारित आदेश में कहा कि कुंद्रा दंपति, उनके द्वारा स्थापित कंपनी सतयुग गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड और कंपनी के दो निदेशकों एवं एक कर्मचारी के खिलाफ प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध बनता है।

वकील ने बयान में क्या किया खुलासा


शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के वकील की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'शिकायतकर्ता ने 2022 में मेरे मुवक्किल राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत की पुलिस ने कानून की उचित प्रक्रिया को अपनाते हुए 2022 के वर्ष में गहन जांच की थी। गहन जांच के बाद, यह पाया गया कि शिकायतकर्ता ने वास्तव में भुगतान के वैध माध्यमों से 90 लाख रुपये की पूरी कथित राशि प्राप्त की थी। मेरे मुवक्किलों ने ईमानदारी से ये दस्तावेज पुलिस विभाग को सौंपे। मामले की सच्चाई का पता लगाने के बाद, पुलिस ने मेरे मुवक्किलों को न्याय दिलाया।'

आगे कहा गया, 'इस जांच के बाद, शिकायतकर्ता ने माननीय कोर्ट के समक्ष धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत एक निजी शिकायत दर्ज करने का विकल्प चुना। लगभग 2 साल बीत जाने के बाद, माननीय कोर्ट ने पुलिस को मामले की फिर से जांच करने का निर्देश दिया है। हमें जांच की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर पूरा भरोसा है। सच्चाई सामने आएगी। मेरे मुवक्किलों ने कोई अपराध नहीं किया है और यह मेरे मुवक्किलों के पास मौजूद दस्तावेजों से साबित हो चुका है। शिकायतकर्ता और मेरे मुवक्किलों के बीच इनवॉइस से स्पष्ट रूप से पता चलता है कि उक्त कॉन्ट्रैक्ट में आर्बिट्रेशन क्लॉज है।'

शिल्पा और राज की ओर से आगे कहा गया कि वे जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हैं। वे कानूनी रूप से इस लड़ाई को लड़ेंगे और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे।

Renukaswamy Murder: दर्शन थूगुदीप ने हत्या के सबूत मिटाने के लिए खर्च किए 78 लाख रुपए

किसने किया है मुकदमा

मुंबई सत्र न्यायालय में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर मुकदमा ऋद्धि सिद्धि बुलियंस के मैनेजिंग डायरेक्टर पृथ्वीराज कोठारी ने किया है। कोठारी ने अपने वकीलों के जरिए दर्ज की गई शिकायत में कहा है कि कुंद्रा दंपति ने 2014 में अपनी कंपनी के तहत एक योजना शुरू की थी। इसमें निवेश के इच्छुक व्यक्ति को योजना के लिए आवेदन करते समय रियायती दर पर सोने के लिए एडवांस पेमेंट करने की बात कही गई थी। मैच्योरिटी पर निवेशक को तय मात्रा में सोना दिया जाना था। इस योजना का नाम ‘सतयुग गोल्ड’ था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी व्यक्तियों की तरफ से किए गए दावों के आधार पर कोठारी ने 5 साल की योजना के तहत 90,38,600 रुपये का निवेश इस आश्वासन पर किया कि उन्हें 2 अप्रैल, 2019 को 5,000 ग्राम 24 कैरेट सोना दिया जाएगा। हालांकि उन्हें वादे के अनुरूप कभी भी सोने की यह मात्रा नहीं दी गई। इस तरह आरोपियों ने एक पूरी तरह से फर्जी योजना बनाकर साजिश रची।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।