Delhi: मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास 3-मंजिला इमारत में लगी आग, अब तक 20 लोगों के मिले शव, बचाव कार्य जारी

दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है

अपडेटेड May 13, 2022 पर 10:58 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में लगी आग, मृतकों में एक महिला भी शामिल

दिल्ली (Delhi) के मुंडका मेट्रो स्टेशन (Mundka Metro Station) के पास शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में आग (Fire) लगने से अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया, "दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास आज शाम आग लगने वाली तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत से अब तक 20 शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी है।"

पुलिस ने बताया कि यह एक व्यवसायिक इमारत है, जिसमें कई कंपनियों के दफ्तर और शोरूम हैं। दिल्ली के आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी समीर शर्मा ने बताया, "आग तीनों मंजिलों पर फैल गई है। हमने अब तक 50-60 लोगों को बचाया है। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में लगी हैं। दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं हमने और भी दमकल की गाड़ियां बुलवाई हैं।"

खबर लिखे जाने तक तीसरी मंजिल की तलाशी अभी करनी बाकी थी। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इमारत में कुछ लोग अभी भी फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के प्रयास जारी हैं।


यह भी पढ़ें- सेंसेक्स-निफ्टी लगातार छठे दिन गिरावट पर बंद, जानिए सोमवार को कैसी रह सकती है बाजार की चाल

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग की सूचना शाम चार बजकर करीब 40 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 24 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा कि एक महिला का शव बरामद किया गया है, जिसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि इमारत से निकाले गए नौ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने कहा कि आग मुंडका मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर 544 के पास स्थित इमारत में लगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और इमारत में फंसे लोगों को खिड़की के शीशे तोड़कर निकाला गया तथा घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कैसे लगी आग?

दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आग की शुरुआत पहली मंजिल से हुई और यह फिर बाकी दोनों मंजिल पर फैल गई। पहली मंजिल पर जिस जगह से आग शुरू हुई, वहां एक सीसीटीटी कैमरा और राउटर बेचने वाली कंपनी का ऑफिस है। पुलिस ने बताया कि दुकान के मालिक को हिरासत में लकर पुछताछ किया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।