शादी जिंदगी का सबसे यादगार मूवमेंट होता है। हर लड़की इसके बारे में अलग-अलग सपने देखती हैं। सबके मन में यही ख्याल चलता रहता है कि उनका होने वाला दूल्हा कैसा होगा। लेकिन गुजरात के वडोदरा से एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां पर एक लड़की शादी तो कर रही है, लेकिन उसका दूल्हा कोई नहीं होगा। जबकि वो मांग भी भरेगी और लाल जोड़ा भी पहनेगी। शादी के लिए सभी पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया जाएगा। लड़की की ओर से सबको निमंत्रण भी दिया गया है। यह शादी एक मंदिर में होगी।
दरअसल, गुजरात की रहने वाली 24 साल की क्षमा बिंदु (Kshama Bindu) 11 जून को शादी करने जा रही हैं। यह शादी वडोदरा के एक मंदिर में होगी। इस शादी में बिना दूल्हे के सिंदूर लगाने से लेकर फेरे लेने तक सभी रस्में निभाई जाएंगी। क्षमा ने अपनी शादी के लिए शॉपिंग भी करना शुरू कर दिया है।
दुल्हन बनना चाहती थी लेकिन शादी नहीं
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, क्षमा का कहना है कि मैं कभी शादी नहीं करना चाहती थी। लेकिन मैं दुल्हन बनना चाहती थी। लिहाजा मैंने खुद से शादी करने का फैसला किया है। उसने यह पता लगाने के लिए कुछ ऑनलाइन रिसर्च भी किया है कि क्या देश में किसी महिला ने खुद से शादी की है, लेकिन उसे कोई नहीं मिला। उसने कहा, शायद मैं अपने देश में आत्म-प्रेम का एक उदाहरण स्थापित करने वाली पहली लड़की हूं। गुजरात में शायद यह पहली आत्म-विवाह या एकल विवाह है।
खुद से करती हूं प्यार इसलिए खुद से शादी
निजी फर्म में काम करने वाली क्षमा ने कहा, स्व-विवाह (Self-marriage) स्वयं के लिए और स्वयं के लिए बिना शर्त प्यार होने की प्रतिबद्धता (commitment) है। यह आत्म-स्वीकृति (self-acceptance) का काम भी है। लोग किसी ऐसे व्यक्ति से शादी करते हैं जिससे वे प्यार करते हैं। मैं खुद से प्यार करती हूं और इसलिए यह शादी भी खुद से कर रही हूं। एमएस यूनिवर्सिटी से समाजशास्त्र में ग्रेजुएट होने के बाद क्षमा एक प्राइवेट फर्म आउटसोर्सिंग मैनपावर के लिए काम करती है।
क्षमा ने दुल्हन बनने के लिए लहंगा से लेकर पार्लर और ज्वेलरी तक सब बुक कर दिया है। वह खुद से शादी करने की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई है। ये शादी मंदिर में होगी। साथ ही शादी का निमंत्रण भी भेज दिया गया है। मेहंदी की रस्म 9 जून को है और शादी 11 जून को शाम 5 बजे होगी। शादी के बाद क्षमा हनीमून पर भी जाएंगी। इसके लिए उन्होंने गोवा को चुना है। जहां वह दो हफ्ते तक रहेंगी।