Road Accidents: सड़क हादसे में बाल-बाल बचे हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, नोएडा में घने कोहरे के कारण हादसों में एक की मौत

Road Accidents: घने कोहरे के कारण डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की कार उनके काफिले में चल रहे पुलिस वाहन से टकरा गई। बताया जा रहा है कि पुलिस की बोलेरो के अचानक ब्रेक लगाने के कारण डिप्टी सीएम की काफिले में चल रही एक कार से टकरा गई। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि उसमें चौटाला बैठे नहीं थे

अपडेटेड Dec 20, 2022 पर 10:29 AM
Story continues below Advertisement
डिप्टी सीएम बाल-बाल बच गए। लेकिन इस हादसे में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया

हरियाणा (Haryana) के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) की कार सोमवार देर रात हिसार से सिरसा जाते समय अग्रोहा (Agroha) के पास दुर्घटनाग्रस्त (Road Accidents) हो गई। घने कोहरे के कारण डिप्टी सीएम की कार उनके काफिले में चल रहे पुलिस वाहन से टकरा गई। हालांकि, डिप्टी सीएम बाल-बाल बच गए। इस हादसे में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि काफिले में चल रही पुलिस की बोलेरो के अचानक ब्रेक लगाने के कारण डिप्टी सीएम की काफिले से टकरा गई।

एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस की बोलेरो से टकराने वाली कार में चौटाला नहीं बैठे थे। अधिकारी ने कहा कि टक्कर तब हुई जब पुलिस वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। घने कोहरे के कारण काफिले में आगे चल रही कारें पुलिस की बोलेरो को देख नहीं सकीं। इस हादसे में काफिले में सवार पुलिस के कमांडो को चोट लगी है।

अनिल विज भी सड़क हादसे में बाल-बाल बचे


इससे पहले सोमवार को हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज भी सड़क हादसे में बाल-बाल बचे थे। अनिल विज ने सोमवार को कहा कि केएमपी एक्सप्रेस-वे पर उनके सरकारी वाहन का शॉक एब्जॉर्बर टूट गया और वह बाल-बाल बच गए। घटना उस समय हुई जब विज बीजेपी की एक बैठक में शामिल होने के लिए अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे।

नोएडा में एक की मौत

इस बीच, उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में कोहरे के कारण एक और दुर्घटना की सूचना मिली है। गौतमबुद्धनगर जिले में मंगलवार को घने कोहरे के कारण हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कोहरे की वजह से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक परमहंस तिवारी ने बताया कि रविवार देर रात 37 वर्षीय दिनेश की बाइक कोहरे के कारण एक भैंसा बुग्गी से टकरा गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें- UP RERA ने 13 रियल एस्टेट डेवलपर्स पर लगाया 1.77 करोड़ रुपये का जुर्माना, कहीं आपका बिल्डर भी तो नहीं है शामिल?

तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह कोहरे के कारण चार गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना दादरी पुलिस और यातायात पुलिस ने क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे किया। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण कारों को सड़क से हटाने में काफी परेशानी आई। इस बीच थाना दनकौर क्षेत्र में 30 नवंबर को हुए सड़क दुर्घटना में जख्मी हुए शख्स ने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।