Get App

'हिंदू समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए': पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से बांग्लादेश से की अपील

Bangladesh crisis: बांग्लादेश में पिछले दिनों प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद से कई हिंदू मंदिरों, हिंदू समुदाय के लोगों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की खबरें हैं। नौकरियों में विवादास्पद कोटा सिस्टम को लेकर शेख हसीना नीत सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद देश में अव्यवस्था का माहौल हो गया

Akhileshअपडेटेड Aug 15, 2024 पर 11:23 AM
'हिंदू समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए': पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से बांग्लादेश से की अपील
Bangladesh crisis: पीएम मोदी का ताजा बयान बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों की खबरों के बीच आया है

PM Modi on Bangladesh crisis: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (15 अगस्त) को नई दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने भाषण के दौरान पड़ोसी बांग्लादेश में अशांति पर बात की। पीएम मोदी ने दोहराया कि बांग्लादेश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि बांग्लादेश में हालात जल्द सामान्य होंगे। साथ ही वहां हिंदू तथा दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में यह भी कहा कि बांग्लादेश की विकास यात्रा को लेकर शुभेच्छा रहेगी। पीएम मोदी ने कहा, "बांग्लादेश में जो कुछ हुआ है उसको लेकर पड़ोसी देश के नाते हमें चिंता होना स्वाभाविक है। मैं आशा करता हूं कि वहां हालात जल्द सामान्य होंगे। 140 करोड़ देशवासियों की चिंता यह है कि वहां हिंदू, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो।"

उन्होंने कहा, "भारत हमेशा चाहता है कि हमारे पड़ोसी देश सुख और शांति के मार्ग पर चलें। शांति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है, हमारे संस्कार हैं। आने वाले दिनों में बांग्लादेश की विकास यात्रा के लिए हमेशा हमारी शुभेच्छा रहेगी, क्योंकि हम मानव जाति की भलाई के बारे में सोचने वाले लोग हैं।"

बता दें कि बांग्लादेश में पिछले दिनों प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद से कई हिंदू मंदिरों, हिंदू समुदाय के लोगों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की खबरें हैं। नौकरियों में विवादास्पद कोटा सिस्टम को लेकर शेख हसीना की अगुवाई वाली सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद देश में अव्यवस्था का माहौल हो गया। हसीना फिलहाल भारत में हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें