India-Greece Agreement: भारत (India) और ग्रीस (Greece) ने व्यापार, रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों के साथ ही आतंकवाद से निपटने के लिए अपने समग्र सहयोग को बढ़ाने एवं प्रवासन तथा गतिशीलता साझेदारी को मजबूत करने पर बुधवार को चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM modi) ने ग्रीस के अपने समकक्ष किरियाकोस मित्सोटाकिस (Kyriakos Mitsotakis) के साथ व्यापक वार्ता के दौरान समग्र रणनीतिक सहयोग के विस्तार पर प्रमुखता से चर्चा की। मित्सोटाकिस भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। यह 15 वर्षों में ग्रीस के किसी राष्ट्राध्यक्ष की भारत की पहली यात्रा है।
पीएम मोदी ने मीडिया में जारी एक बयान में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और यूनान की चिंताएं और प्राथमिकताएं एक समान हैं। उन्होंने कहा, "हमने आतंकवाद से निपटने में अपने सहयोग को और मजबूत बनाने के बारे में विस्तार से चर्चा की।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा तथा सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत और ग्रीस के बीच बढ़ता सहयोग दोनों पक्षों के बीच गहरे आपसी विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "हमने भारत और ग्रीस के बीच प्रवासन और गतिशीलता साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की।"
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में नए अवसर खुल रहे हैं, जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "हम इस बात पर सहमत हैं कि सभी विवादों और तनावों का बातचीत तथा कूटनीति के माध्यम से समाधान किया जाना चाहिए।"
प्रधानमंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ग्रीस की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक भूमिका का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "हमने कृषि क्षेत्र में भारत और ग्रीस के बीच सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।"
मित्सोटाकिस ने की पीएम मोदी की तारीफ
ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने कहा कि भारत और यूनान के बीच रणनीतिक साझेदारी विशेष महत्व की है तथा आर्थिक भागीदारी पर ध्यान देने के साथ ही द्विपक्षीय समग्र संबंधों को और विस्तार देने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "ग्रीस के लिए द्विपक्षीय रणनीतिक भागीदारी विशेष महत्व की है। हमें रणनीतिक भागीदारी समेत कई विषयों पर चर्चा करने तथा आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।" मित्सोटाकिस का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी वार्ता से पहले राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रस्मी स्वागत किया गया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सुबह उनसे मुलाकात की थी।