मोदी सरकार ने प्लैटिनम पर इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ा दिया है। सरकार ने सोमवार को एक अधिसूचना में कहा कि प्लैटिनम पर कुल आयात शुल्क (Import Duty) बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत कर दिया गया है। प्लैटिनम पर इंपोर्ट डयूटी पहले 10.75 फीसदी थी। यह कदम सोने और प्लैटिनम के बीच इंपोर्ट ड्यूटी के स्ट्रक्चर में समानता लाने के लिए किया गया है। सरकार के इस फैसले से प्लैटिनम ज्वैलरी आगे महंगी हो सकती है क्योंकि ज्यादातर प्लैटिनम इंपोर्ट होता है।
जुलाई में सरकार ने सोने पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था। हालांकि, इसने प्लैटिनम आयात पर टैक्स को 10.75 फीसदी रखा है। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सरकार और उद्योग के अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया कि सितंबर में भारत का प्लैटिनम इंपोर्ट कई गुना बढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया क्योंकि रिफाइनर ने बड़ी क्वांटिटी में प्लैटिनम का इंपोर्ट किया है। ज्यादा ड्यूटी से बचने के लिए वह इसे प्लैटिनम एलॉय के नाम से खरीद रजिस्टर करा रहे थे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार साल 2021 में भारत ने 10.59 टन प्लैटिनम का आयात किया था।