Kanpur Tractor Trolly Accident: कानपुर में घाटमपुर क्षेत्र के भीतरगांव में बड़ा हादसा हो गया है। भीतरगांव के भदेउना गांव के पास श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 27 लोगों की मौत हो गई है। इसमें कई लोग घायल हो गए हैं। इस मामले में लापरवाही के चलते स्टेशन इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। गांव वालों की मदद से पुलिस रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। मरने वालों में 14 बच्चे और 13 महिलाएं शामिल हैं।
दिल दहला देने वाला हादसा के बाद गांव में हर तरफ मातम छाया हुआ है। हर किसी के दरवाजे पर महिलाएं सिसकियां भर रही हैं, पुरुष भी अपने आंसू रोक नहीं सके। शवों के लिए अर्थियां तैयार की जा रही है। सभी शवों का एक साथ अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी लोग घाटमपुर के कोर्था गांव के रहने वाले हैं। सभी उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर मुंडन संस्कार में गए थे। वापस लौटने पर घाटमपुर के साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना से भयंकर चीख पुकार मच गई। आधे घंटे तक ट्राली बाहर नहीं निकाली जा सकी। इससे पानी के अंदर ही अधिकतर लोगों की मौत हो गई है। गांव के लोगों का कहना था कि चाय-नाश्ता के बहाने ड्राइवर राजू ने ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकी थी। वहां उसने शराब पी। अगर ऐसा नहीं होता तो शायद ये हादसा ही नहीं होता। कानपुर के डीएम विशाक अय्यर ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है। शवों को उनके गांव भेजा गया है।
पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई लोगों की मौत पर दुख जताया। उनके परिजनों के लिए राहत कोष से मदद दिए जाने की घोषणा की। पीएम राहत कोष से हादसे में मारे गए व्यक्ति के परिजन को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने घाटमपुर ट्रैक्टर-ट्राली हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दुख जताते हुए कहा उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।