Kartavya Path inauguration: पीएम मोदी आज ‘कर्तव्य पथ’ का करेंगे उद्घाटन, इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा का भी करेंगे अनावरण

NDMC ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से मिले एक प्रस्ताव को पारित कर 'राजपथ' का नाम बदलकर 'कर्तव्य पथ' कर दिया। अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को कर्तव्य पथ कहा जाएगा

अपडेटेड Sep 08, 2022 पर 10:39 AM
Story continues below Advertisement
कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र में शाम 6 से रात 9 बजे तक आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी

Kartavya Path inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को शाम 7 बजे ‘कर्तव्य पथ’ का उद्घाटन और इंडिया गेट पर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित सेंट्रल विस्टा एवेन्यू क्षेत्र में आने वाले राजपथ का नाम बदल कर कर्तव्य पथ रखने का प्रस्ताव पास हो गया है। ऐतिहासिक राजपथ को अब कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से मिले एक प्रस्ताव को पारित कर राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ कर दिया। अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को कर्तव्य पथ कहा जाएगा।

पीएमओ ने कहा कि पूर्ववर्ती राजपथ सत्ता का प्रतीक था और उसे कर्तव्य पथ का नाम दिया जाना बदलाव का परिचायक है। पीएमओ ने कहा कि यह सार्वजनिक स्वामित्व तथा सशक्तीकरण का एक उदाहरण भी है।


ये भी पढ़ें- Traffic Rules: देश में लागू हैं ट्रैफिक के अजीबोगरीब नियम, सुनकर सिर पकड़ लेंगे आप

पीएमओ ने आगे कहा कि कर्तव्य पथ का उद्घाटन और सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री मोदी के अमृत काल में नए भारत के लिए पंच प्राण के आह्वान के दूसरे प्राण के अनुकूल है, जिसमें उन्होंने औपनिवेशिक मानसिकता की हर निशानी को समाप्त करने की बात कही थी।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित किया जा रहा है, जहां इस साल की शुरूआत में पराक्रम दिवस (23 जनवरी) पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था। ग्रेनाइट से बनी यह प्रतिमा हमारे स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी के अपार योगदान के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि है और उनके प्रति देश के ऋणी होने का प्रतीक होगी।

अरुण योगीराज एक मुख्य मूर्तिकार हैं। उनके द्वारा तैयार की गई 28 फीट ऊंची प्रतिमा को एक ग्रेनाइट पत्थर से उकेरा गया है और इसका वजन करीब 65 मीट्रिक टन है। इसी बीच दिल्ली स्थित मान सिंह रोड पर 'कर्तव्य पथ' का रास्ता दिखाने वाला एक साइनबोर्ड लगा दिया गया है।

पीएम मोदी के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र में शाम 6 से रात 9 बजे तक आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह गुरुवार को इसके आसपास जाने से बचें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।