Bharat Ratna to LK Advani: बीजेपी के दिग्गज और वरिष्ठ नेता नेता लालकृष्ण आडवाणी (Lal Krishna Advani) को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने की है। इस ऐलान के लिए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की मदद ली। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा...
'मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान के लिए उन्हें बधाई दी। हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक, आडवाणी जी का भारत के विकास में योगदान भुलाया न जा सकने वाला है। उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का रहा है। उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध परख से भरे रहे हैं।'
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि सार्वजनिक जीवन में आडवाणी की दशकों लंबी सेवा, पारदर्शिता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसने राजनीतिक नैतिकता में एक आदर्श मानक स्थापित किया है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को आगे बढ़ाने की दिशा में बेमिसाल प्रयास किए हैं। पीएम ने कहा, 'उन्हें (आडवाणी) भारत रत्न से सम्मानित किया जाना मेरे लिए बेहद भावुक क्षण है। मैं इसे हमेशा अपना सौभाग्य मानूंगा कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनसे सीखने के अनगिनत मौके मिले।'
एलके आडवाणी का 2019 में सक्रिय राजनीति से रिटायरमेंट
आडवाणी को 90 के दशक में उस समय भाजपा के उदय का श्रेय दिया जाता है, जब पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की प्रमुख पार्टी के रूप में पहली बार सत्ता में आई थी। आडवाणी सबसे लंबे समय तक बीजेपी के अध्यक्ष रहे। लगभग तीन दशकों के संसदीय करियर में वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार (1999-2004) में पहले गृह मंत्री और बाद में उप प्रधानमंत्री रहे। आडवाणी 1970 से 2019 तक संसद के दोनों सदनों में सदस्य रहे।