मध्य प्रदेश के दतिया (Datia) जिले में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। दतिया जिले के बुहारा गांव के पास एक गाड़ी के पलटने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुहारा में निर्माणाधीन पुल के नजदीक एक मिनी ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में 30 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, पुलिस ने घायलों की संख्या सिर्फ दो बताई है। प्रारंभिक तौर पर सिर्फ 5 लोगों की मौत की पुष्टि पुलिस द्वारा की गई है। मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल बताए जाते हैं। घटना उस उक्त हुई जब सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने ग्राम बिल्हेटी से ट्रक में सवार होकर टीकमगढ़ से जतारा जा रहे थे। घटना बुधवार सुबह 6:00 बजे की बताई जाती है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया, "दुरसड़ा क्षेत्र के बुहारा गांव के पास एक निर्माणाधीन पुल है, ग्वालियर के बिलहेटी गांव का एक परिवार अपनी आयशर गाड़ी से शादी समारोह में शामिल होने टीकमगढ़ जा रहा था, उनके ड्राइवर को डायवर्ट रूट की चौड़ाई समझ में नहीं आई जिसकी वजह से गाड़ी नीचे पलट गई। फंसे लोगों को बचाया गया है, 5 लोगों की मौत हुई है और 2 घायलों को अस्पताल भेजा गया है। परिजनों से पूछताछ जारी है।"
दतिया हादसे पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ये दुःखद घटना घटी है। इस घटना में 5 लोगों की मृत्यु हुई है और लगभग सभी को बचा लिया गया है। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, अभी हमारी प्राथमिकता घायलों का इलाज कराना है। इस संबंध में गृहमंत्री ने बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद करने की बात कही है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुहारा गांव के पास नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। टीकमगढ़ के जतारा गांव से बारात लेकर लौट रहा मिनी ट्रक पुल के पास अनियंत्रित हो गया और रैलिंग को तोड़कर पलट गया। मौके पर मौजूद भांडेर एसडीओपी करणिक श्रीवास्तव ने बताया कि नदी किनारे निर्माणाधीन पुल के करीब से बनी पुलिया के रास्ते ट्रक गुजर रहा था, जहां नदी का पानी होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार 3 बच्चे गुंजन, ईशु खटीक, देव सहित महिला गुंजा एवं एक अन्य की मौत हो गई।