सुबोध कुमार जायसवाल (Subodh Kumar Jaiswal) ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के डायरेक्टर का पद संभालने की कुछ दिनों बाद ही एजेंसी में कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड (Dress Code) लागू कर दिया है। CBI के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दफ्तर में अब सिर्फ फॉर्मल कपड़े पहनने होंगे। साथ ही जींस और स्पोर्ट्स शूज जैसे कैजुअल वियर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक आदेश के अनुसार, पुरुषों के लिए ड्रेस कोड शर्ट, फॉर्मल ट्राउजर और फॉर्मल जूते होंगे। साथ ही ऑफिस में सभी पुरुष सही से शेव कर के आएंगे। CBI की महिला कर्मचारियों को केवल साड़ी, सूट, फॉर्मल शर्ट और ट्राउजर पहनने के लिए कहा गया है।
हिंदुस्तान टाइम्स ने आदेश की कॉपी के हवाले से बताया, "जींस, टी-शर्ट, स्पोर्ट्स शूज, चप्पल और दूसरे कैजुअल वियर ऑफिस में पहनने अनुमति नहीं है।" देश भर में CBI की ब्रांच के प्रमुखों को इन दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
नाम न छापने की शर्त पर CBI अधिकारियों ने इसे एक संतुलित आदेश बताया और कहा कि हर अधिकारी, कर्मचारी को हमेशा फॉर्मल पहनने की जरूरत होती है।
इनमें से एक अधिकारी ने कहा, "हालांकि, पिछले कुछ सालों में, लोगों ने जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल पहनना शुरू कर दिया और किसी ने इसे रोका नहीं। CBI अधिकारियों को कम से कम एक फॉर्मल कॉलर वाली शर्ट, ट्राउजर और जूते पहनने की जरूरत है।”