COVID-19 Omicron Cases in india: भारत में कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमीक्रोन तेजी से पांव पसार रहा है। राजस्थान में वैश्विक महामारी कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के 9 मरीज पाए गए हैं। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जयपुर में अब तक ओमीक्रोन के कुल 9 मामले सामने आए हैं। राज्य में ओमीक्रोन के नए 9 मामले आने के बाद अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
इससे पहले रविवार शाम को ही महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि राज्य में ओमीक्रोन के अबतक कुल 7 मामले सामने आ चुके हैं। राजस्थान के चिकित्सा विभाग के सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार की जिनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट में नौ लोग कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से ग्रसित पाए गए हैं।
गालरिया ने बताया कि विभाग ने दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार को पूर्व में ही आरयूएचएस अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। उनके संपर्क में आए पांच अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं, इन्हे भी आरयूएचएस में भर्ती किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार सहित उनके सम्पर्क में आए 34 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें से नौ लोग कोरोना संक्रमण के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से पॉजिटिव पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परिवार के संपर्क में सीकर जिले के अजीतगढ़ का एक परिवार भी आया था। विभाग ने सीकर में उन सभी आठ लोगों की भी ट्रेसिंग की वे सभी कोरोना नेगेटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया की सम्पर्क में आए सभी लोगो की व्यापक स्तर पर कांटेक्ट ट्रेसिंग कर सैंपल लिए जा रहे हैं।
गालरिया ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार के जयपुर में आने के बाद से ही विभाग पूरी तरह सक्रिय था और लगातार इनकी मॉनिटरिंग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सघन कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर इलाज शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से कोरोना अनुरूप व्यवहार की कड़ाई से पालना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग घर से निकलते समय मास्क लगाएं।