Omicron: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) से संक्रमित एक मरीज सामने आया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में ओमीक्रोन का पहला मामला सामने आया है। विदेश से आए 12 लोगों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। जिनमें से 11 लोगों को सामान्य कोरोना है, लेकिन 12वां व्यक्ति ओमीक्रोन पॉजिटिव है। ये व्यक्ति अफ्रीकी देश तंजानिया से भारत आया था। इस शख्स से जुड़े गए 6 लोगों के सैंपल का भी जीनोम सीक्वेंसिंग कराया गया था। फिलहाल मरीज दिल्ली LNJP अस्पताल में भर्ती है।
बता दें कि दिल्ली में पहला केस आने के बाद यह देश में पांचवां मामला है। इसके पहले कर्नाटक में ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित दो मरीज सामने आए थे। इसके बाद गुजरात से एक और एक मामला महाराष्ट्र के डोंबिवली से सामने आया था। डोंबिवली मुंबई का उपनगरीय इलाका है।
दिल्ली में हाई रिस्क देशों से लौटे 15 यात्रियों को LNJP हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इन भर्ती लोगों में से 9 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 6 लोगों में गले में खराश,, बुखार जैसे लक्षण सामने आए हैं। शुक्रवार को संदिग्ध मरीजों की संख्या 12 थी। इसके बाद 3 नए मरीज ब्रिटेन से आने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पिछले हफ्ते ही दिल्ली सरकार ने LNJP को ओमिक्रॉन संक्रमितों के इलाज के लिए रिजर्व किया था।
ब्रिटेन में विमान में चढ़ने से पहले कोरोना जांच
ब्रिटेन में ओमीक्रोन के 160 मामलों की पुष्टि होने के बाद सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी कर दी है। जिसके तहत हवाई यात्रियों को फ्लाइट में चढ़ने से पहले कोरोना जांच करवानी होगी।