पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के बीच 26 राफेल लड़ाकू विमान और 3 स्कॉर्पीन पनडुब्बियों का सौदा फाइनल

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की शुक्रवार को पेरिस में होने वाली व्यापक बातचीत के बाद बड़ी रक्षा परियोजनाओं की घोषणा की जा सकती है। रक्षा खरीद बोर्ड ने एक सप्ताह पहले ही इन परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी आधिकारिक दो दिवसीय फ्रांस यात्रा के लिए पेरिस पहुंच चुके हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर पीएम मोदी को बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 6:29 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi France Visit: रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दी

PM Modi France Visit: रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को भारतीय नौसेना (Indian Navy) के लिए फ्रांस से 26 राफेल लड़ाकू विमान (Rafale fighter aircraft) और तीन स्कॉर्पीन क्लास की पारंपरिक पनडुब्बियां (Scorpene Submarines) खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने एक बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली DAC ने उस दिन परियोजना को मंजूरी दी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय पेरिस यात्रा शुरू हो रही है।

DAC रक्षा खरीद पर निर्णय लेने वाली रक्षा मंत्रालय की सर्वोच्च इकाई है। उसने भारत में तीन और स्कॉर्पीन पनडुब्बियों के मैन्युफैक्चरिंग के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की शुक्रवार को पेरिस में होने वाली व्यापक बातचीत के बाद बड़ी रक्षा परियोजनाओं की घोषणा की जा सकती है।

रक्षा खरीद बोर्ड ने एक सप्ताह पहले ही इन परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी थी। भारतीय नौसेना स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत INS विक्रांत के लिए 26 डेक-आधारित लड़ाकू विमानों की खरीद पर विचार कर रही है।


नौसेना ने लंबी प्रक्रिया के बाद खरीद के लिए बोइंग F/A-18 सुपर हॉर्नेट और फ्रांसीसी कंपनी दासॉल्ट एविएशन के राफेल एम विमान के बारे में विचार किया। बाद में राफेल एम इस दौड़ में विजेता रहा। भारतीय वायु सेना के लिए फ्रांस से पहले ही 36 राफेल विमान खरीदे जा चुके हैं।

पेरिस पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अपनी आधिकारिक दो दिवसीय फ्रांस यात्रा के लिए पेरिस पहुंच चुके हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन (French President Emmanuel Macron) के निमंत्रण पर पीएम मोदी को बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के पेरिस पहुंचने पर खुद फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न (French PM Elisabeth Borne) ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी के पेरिस पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों में उत्साह देखने को मिला।

ये भी पढ़ें- PM Modi France Visit: फ्रांस की ऐतिहासिक यात्रा पर पेरिस पहुंचे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

भारतीय सशस्त्र बलों की 269 सदस्यीय तीनों सेनाओं की टुकड़ी दो C-17 ग्लोबमास्टर विमानों में सवार होकर गुरुवार को पेरिस के लिए रवाना हुई थी। इसमें फ्रांसिसी लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना के कम से कम तीन राफेल लड़ाकू विमान भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जुलाई को फ्रांस की यात्रा पर रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।