New Vande Bharat Trains: PM मोदी ने 3 नई वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी; ये हैं रूट, टाइमिंग्स और किराए की डिटेल
ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में वंदे भारत ट्रेनों के आधुनिकीकरण और विस्तार के साथ राष्ट्र विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। वंदे भारत आधुनिक होती भारतीय रेलवे का नया चेहरा है। आज देशभर में 102 वंदे भारत रेल सेवाएं संचालित की जा रही हैं और इन ट्रेनों में अब तक 3 करोड़ से अधिक लोग यात्रा कर चुके हैं
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दक्षिणी राज्यों का तेजी से विकास महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 31 अगस्त को 3 नई वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Express Trains) को हरी झंडी दिखाकर उनकी शुरुआत की। ये ट्रेन मेरठ को लखनऊ, मदुरै को बेंगलुरु और चेन्नई को नागरकोइल से जोड़ेंगी। पीएम मोदी ने कार्यक्रम को ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दक्षिणी राज्यों का तेजी से विकास महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि तमिलनाडु और कर्नाटक के लिए बजटीय आवंटन में वृद्धि से दक्षिणी राज्यों में रेल परिवहन मजबूत हुआ है।
मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन यात्रियों को दोनों शहरों के बीच मौजूदा सबसे तेज ट्रेन की तुलना में लगभग एक घंटे पहले पहुंचाएगी। इसी तरह, चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल वंदे भारत से दो घंटे से अधिक समय और मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन से करीब डेढ़ घंटे का समय बचेगा।
मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस
यह वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ट्रेन संख्या-22490 वंदे भारत, मेरठ सिटी से सुबह 6.35 बजे रवाना होगी और 8.35 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी, जहां पांच मिनट का ठहराव यानि स्टॉपेज होगा। अगला स्टॉपेज बरेली में होगा, जहां यह सुबह 9.56 बजे पहुंचेगी और 2 मिनट रुकेगी। ट्रेन आखिरकार दोपहर 01.45 बजे लखनऊ एनआर स्टेशन पहुंचेगी। मेरठ से लखनऊ का किराया एसी चेयर कार में 1,355 रुपये होगा, जिसमें 364 रुपये का खानपान शुल्क शामिल है। एग्जीक्यूटिव चेयर कार में किराया 2,415 रुपये है, जिसमें 419 रुपये का खानपान शुल्क शामिल है।
ट्रेन संख्या-22489 वंदे भारत, लखनऊ एनआर स्टेशन से दोपहर 2.45 बजे रवाना होगी और शाम 6.02 बजे बरेली पहुंचेगी। यहां यह 2 मिनट रुकेगी। ट्रेन का अगला पड़ाव शाम 7.32 बजे मुरादाबाद में होगा, जहां ट्रेन 5 मिनट के लिए रुकेगी और अंत में रात 10 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। लखनऊ से मेरठ का किराया एसी चेयर कार में 1,300 रुपये होगा, जिसमें 308 रुपये का खानपान शुल्क शामिल है। एग्जीक्यूटिव चेयर कार में किराया 2,365 रुपये है, जिसमें 369 रुपये का खानपान शुल्क शामिल है।
यह वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 20627 वंदे भारत, चेन्नई से सुबह 5 बजे रवाना होगी और 5.23 बजे तांबरम पहुंचकर 2 मिनट, 6.52 बजे विल्लुपुरम जंक्शन पहुंचकर 3 मिनट, 8.55 बजे तिरुचिरापल्ली पहुंचकर 5 मिनट, 9.53 बजे डिंडीगुल पहुंचकर 2 मिनट, 10.38 बजे मदुरै जंक्शन पहुंचकर 2 मिनट, 11.35 बजे कोविलपट्टी पहुंचकर 2 मिनट, 12.30 बजे तिरुनेलवेली पहुंचकर 2 मिनट रुकेगी। अंत में 1.50 बजे नागरकोइल जंक्शन पहुंचेगी। एसी चेयर कार में किराया 1760 रुपये होगा, जिसमें 364 रुपये खानपान शुल्क शामिल है। एक्जीक्यूटिव क्लास में किराया 3,240 रुपये होगा, जिसमें 419 रुपये खानपान शुल्क शामिल है।
ट्रेन संख्या-20628 वंदे भारत, नागरकोइल जंक्शन से दोपहर 2.20 बजे रवाना होगी और 3.18 बजे तिरुनेलवेली, 3.58 बजे कोविलपट्टी, 5.03 बजे मदुरै जंक्शन, 5.48 बजे डिंडीगुल, 6.45 बजे तिरुचिरापल्ली, 8.53 बजे विल्लुपुरम जंक्शन, 10.28 बजे तांबरम और अंत में 11 बजे चेन्नई एग्मोर पहुंचेगी। एसी चेयर कार में किराया 1,735 रुपये होगा, जिसमें 338 रुपये खानपान शुल्क के रूप में शामिल हैं। एग्जीक्यूटिव क्लास में किराया 3,220 रुपये होगा, जिसमें 399 रुपये खानपान शुल्क के रूप में शामिल हैं।
मदुरै-बेंगलुरु कैंटोनमेंट वंदे भारत एक्सप्रेस
यह वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 20671 वंदे भारत, मदुरै जंक्शन से सुबह 5.15 बजे रवाना होगी। यह 5.59 बजे डिंडीगुल जंक्शन पहुंचकर 2 मिनट, 6.50 बजे तिरुचिरापल्ली पहुंचकर 5 मिनट, 8.08 बजे करूर पहुंचकर 5 मिनट, 8.32 बजे नमक्कल पहुंचकर 2 मिनट, 09.15 बजे सलेम जंक्शन पहुंचकर 5 मिनट, 12.50 बजे कृष्णराजपुरम पहुंचकर 2 मिनट रुकेगी और अंत में दोपहर 1 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी। एसी चेयर कार में किराया 1575 रुपये होगा, जिसमें 364 रुपये खानपान शुल्क शामिल है। एक्जीक्यूटिव क्लास में किराया 2,865 रुपये होगा, जिसमें 419 रुपये खानपान शुल्क शामिल है।
ट्रेन संख्या 20672 वंदे भारत, बेंगलुरु कैंट से दोपहर 1.30 बजे रवाना होगी। यह कृष्णराजपुरम पहुंचकर 2 मिनट, सलेम जंक्शन पर 04.50 बजे पहुंचकर 5 मिनट, नमक्कल पर 05.38 बजे पहुंचकर 2 मिनट, करूर पर 05.58 बजे पहुंचकर 2 मिनट, तिरुचिरापल्ली पर 07.20 बजे पहुंचकर 5 मिनट, डिंडीगुल जंक्शन पर 8.28 बजे पहुंचकर 2 मिनट रुकेगी और अंत में रात 9.45 बजे मदुरै जंक्शन पहुंचेगी। एसी चेयर कार में किराया 1,740 रुपये होगा, जिसमें 530 रुपये खानपान शुल्क शामिल है। एग्जीक्यूटिव क्लास में किराया 3,060 रुपये होगा, जिसमें 613 रुपये खानपान शुल्क शामिल है।