Arunachal Pradesh Assembly Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अरुणाचल प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार (12 मार्च) को सभी 60 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री पेमा खांडू (Pema Khandu from the Mukto) एक बार फिर मुक्तो सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले दिनों हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी 60 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को हरी झंडी दी गई।
केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया था। लिस्ट के मुताबिक पार्टी ने चार महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। शेरिंग लामू को लूमला, न्याबी जिनी दिरची को बसार, दासांग्लू पुल को हायूलियांग और चकत अबोह को खोंसा पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। भगवा पार्टी ने राज्य सरकार के मंत्री फूरपा शेरिंग को दिरांग से टिकट दिया है।
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा सीट में भारतीय जनता पार्टी को 41 पर जीत मिली थी। जबकि जनता दल (यूनाइटेड) को 7, नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) को 5, कांग्रेस को 4, पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (PPA) को एक और निर्दलीयों को दो सीट मिली थी।
हालांकि नीतीश कुमार की अगुवाई वाली JDU के सभी सात विधायक और पीपीए विधायक बाद में BJP में शामिल हो गए थे। आपको जानकारी के लिए बता दें कि राज्य में लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव साथ-साथ होने हैं।
लोकसभा के लिए बीजेपी की दूसरी लिस्ट फाइनल
रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने लगभग 90 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट फाइनल कर ली है। सूत्रों की मानें तो CEC ने गुजरात की 7 सीटों पर उम्मीदवारों का नाम तय कर लिया है। जबकि मध्य प्रदेश की बाकी 5 सीटों में से चार पर उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बन गई। बता दें कि बीजेपी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहली लिस्ट की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने मंगलवार (12 मार्च) को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 43 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी।
इसमें राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के नाम शामिल हैं। कांग्रेस (Congress) ने इससे पहले 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी जिसमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का था। उन्हें एक बार फिर से केरल की वायनाड सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस के अलावा भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी पहली लिस्ट में 195 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।