क्या अरविंद केजरीवाल जाएंगे राज्यसभा? AAP ने MP संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए बनाया उम्मीदवार

Arvind Kejriwal News: इस महीने की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार किए जाने की संभावना है। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है

अपडेटेड Feb 26, 2025 पर 3:55 PM
Story continues below Advertisement
Arvind Kejriwal News: आम आदमी पार्टी ने पंजाब से अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है

Arvind Kejriwal Rajya Sabha News: आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार (26 फरवरी) को राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। हालांकि, उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। लुधियाना के उद्योगपति संजीव अरोड़ा वर्ष 2022 से राज्यसभा सदस्य हैं। खबरों की मानें तो इस महीने की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर सकते हैं।

पिछले महीने AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट खाली हुई थी। गोगी का निधन उनके घर पर लाइसेंसी हथियार से दुर्घटनावश गोली चलने के कारण हुई थी। अरोड़ा ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं। AAP ने 9 महीने पहले ही अपने राज्यसभा उम्मीदवार को विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी।

इसी वजह से यहीं से कयासों की शुरूआत हुई है कि अब अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने औपचारिक बयान जारी करके कहा है कि केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे। पंजाब AAP के प्रवक्ता जगतार सिंह संघेरा ने कहा, "संजीव अरोड़ा लुधियाना से हैं। इसलिए उन्हें उपचुनाव में उतारा जा रहा है। पार्टी इस बात पर विचार करेगी कि राज्यसभा के लिए कौन उम्मीदवार होगा। केजरीवाल के राज्यसभा जाने की खबर अफवाह है। विपक्षी दल अफवाह फैला रहे हैं। केजरीवाल के राज्यसभा जाने को लेकर पार्टी में कोई चर्चा नहीं हुई।"


तारीखों की घोषणा तो नहीं हुई है, लेकिन पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर चुनाव अगले कुछ महीनों में होंगे। पंजाब विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में खत्म होगा। 2025 के दिल्ली चुनावों में केजरीवाल अपनी सीट नहीं बचा पाए। वह दिल्ली में विधायक के रूप में निर्वाचित होने में विफल रहे। इससे पहले वह 2015 से 2024 के बीच दिल्ली के सीएम थे।

ये भी पढ़ें- Bihar Cabinet Expansion: सीएम नीतीश कुमार आज मंत्रिमंडल का करेंगे विस्तार! BJP से 7 नए चेहरे शामिल होने की संभावना, दिलीप जायसवाल का मंत्री पद से इस्तीफा

2015 और 2020 में 70 में से 60 से अधिक सीटें जीतने वाली AAP इस बार 22 सीटों पर सिमट गई। अब, AAP दिल्ली में विपक्ष में होगी। लेकिन केजरीवाल के लिए ज्यादा काम नहीं बचा है। पिछले साल उनकी जगह सीएम बनी आतिशी को विपक्ष का नेता बनाया गया है। केजरीवाल के पास बचे विकल्पों में से एक या तो पार्टी के व्यक्ति के रूप में काम करना है। या निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में काम करना है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Feb 26, 2025 3:55 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।