Atishi New Chief Minister of Delhi: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (17 सितंबर) को अपने मंत्रियों के साथ उप राज्यपाल वीके सक्सेना से राज निवास में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने एलजी को मुख्यमंत्री के रूप में अपना इस्तीफा सौंप दिया। इससे उनके बाद अगले मुख्यमंत्री के रूप में आतिशी की निुयक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। आतिशी ने एलजी से मुलाकात के दौरान सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मंत्री आतिशी को उनके स्थान पर अगला मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा जिसे AAP विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
वित्त, शिक्षा और राजस्व सहित 14 विभागों का जिम्मा संभाल रहीं 43 वर्षीय आतिशी उन लोगों में शामिल थीं जिन्होंने केजरीवाल के जेल में रहने के दौरान राज्य की बागडोर संभाली। कांग्रेस की शीला दीक्षित और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सुषमा स्वराज के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। पार्टी नेता गोपाल राय ने पत्रकारों से कहा कि इस्तीफे के बाद AAP विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल उप राज्यपाल से मुलाकात करेगा। AAP प्रतिनिधिमंडल आतिशी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का दावा पेश करेगा।
केजरीवाल के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर अटकलें तेज थीं। हालांकि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में आतिशी का नाम सबसे आगे था। उन्हें केजरीवाल तथा पार्टी में दूसरे प्रमुख नेता मनीष सिसोदिया का बेहद करीबी माना जाता है। इस बहस पर विराम लगाते हुए केजरीवाल ने आप विधायक दल की बैठक में कालकाजी से विधायक आतिशी का नाम प्रस्तावित किया जिसे सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
26-27 सितंबर को बुलाया जाएगा विधानसभा का सत्र
AAP नेताओं ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का सत्र 26-27 सितंबर को बुलाया जाएगा। तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद केजरीवाल ने अपने अप्रत्याशित फैसले की घोषणा करते हुए कहा था कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और इस पद पर तभी लौटेंगे जब जनता उन्हें आगामी दिल्ली विधानसभा के चुनाव में ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे देगी। उन्होंने दिल्ली में समय पूर्व चुनाव की भी मांग की। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। विधानसभा चुनाव फरवी की शुरुआत में होने की संभावना है।
शिक्षा क्षेत्र में AAP सरकार की कई उपलब्धियों का श्रेय आतिशी को दिया जाता है। उन्हें पिछले साल मार्च में दिल्ली मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। 21 मार्च को आबकारी नीति मामले में आप संयोजक केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से वह सरकार और पार्टी दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थीं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर विजय सिंह और तृप्ता वाही की बेटी आतिशी ने स्प्रिंगडेल्स स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। फिर सेंट स्टीफंस कॉलेज से ग्रेजुएट की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट की उपाधि प्राप्त की है।
बीजेपी ने कहा कि केजरीवाल का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का फैसला मजबूरी में लिया गया है, न कि सिद्धांत से प्रेरित होकर। विपक्षी पार्टी ने उनके इस कदम को नाटक और अपराध की स्वीकारोक्ति बताया। भगवा पार्टी ने संदेह जताया कि कहीं उन्होंने आप में अंदरूनी कलह के कारण तो इस्तीफा देने की पेशकश नहीं की है। शीला दीक्षित दिल्ली की सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रही थीं। उन्होंने 1998 से 2013 तक 15 साल तक पद संभाला। जबकि सुषमा स्वराज ने 12 अक्टूबर 1998 से 52 दिनों तक दिल्ली की सत्ता संभाली थी।