Bharat Jodo Yatra Updates: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की अगुवाई वाली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)’ का समापन आज सोमवार को श्रीनगर स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण और फिर ‘शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम’ में रैली के साथ होगा। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने रैली के लिए 20 से अधिक समान विचारधारा वाली पार्टियों को आमंत्रित किया है, जो विपक्षी एकजुटता का संदेश देने का प्रयास है। बर्फ की चादर से ढक चुके श्रीनगर में होने वाली इस रैली में कई विपक्षी दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कुछ प्रमुख विपक्षी दलों की उपस्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति भी है।
कांग्रेस के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में तिरंगा फहराएंगे और फिर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़े स्मृति चिन्ह का अनावरण करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक दिन पहले रविवार को ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहराया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि विपक्ष में मतभेद जरूर हैं, लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ एक साथ खड़ा होगा और लड़ेगा।
राहुल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन समारोह से जुड़ी उस रैली से एक दिन पहले यह टिप्पणी की थी, जिसमें कांग्रेस ने 20 से अधिक विपक्षी दलों को आमंत्रित करके विपक्षी एकजुटता का प्रयास किया है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस रैली में नेशनल कांफ्रेंस (NC), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), शिवसेना, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और कुछ अन्य दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
हालांकि, रैली में समाजवादी पार्टी (SP), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) जैसी पार्टियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह पूछे जाने पर कि कितने विपक्षी दल रैली में शामिल हो रहे हैं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को कहा था, ‘‘इस बारे में आपको कल पता चलेगा।’’
‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 135 दिनों के बाद समापन हो रहा है। यह यात्रा 4,080 किलोमीटर के सफर के बाद श्रीनगर में संपन्न होगी। 7 सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा देशभर के विभिन्न राज्यों के 75 जिलों से होकर गुजरी।
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को अपने अंतिम दिन श्रीनगर के पंथाचौक से आगे बढ़ी। सफेद टी-शर्ट पहने राहुल गांधी ने अपनी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ सुबह पौने 11 बजे पदयात्रा शुरू की। इस दौरान, राष्ट्रीय ध्वज और कांग्रेस का झंडा थामे कांग्रेस के हजारों समर्थक भी राहुल और प्रियंका के साथ चलते हुए नजर आए।