पश्चिम बंगाल में, दुर्गा पूजा न केवल एक त्योहार या वार्षिक उत्सव है बल्कि उससे बढ़कर यह बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और सदियों पुरानी परंपरा की सबसे बड़ी पहचानों में से भी एक है। हालांकि वक्त के साथ साथ बंगाल में सजने वाले दुर्गा पूजा के भव्य पंडाल राजनीतिक अखाड़े के तौर पर भी तब्दील होते दिखाई दे रहे हैं। बंगाल में कई सारी पूजा समितियां राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से संबंधित हैं। बंगाल में होने वाली दुर्गा पूजा के महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सैद्धांतिक तौर पर खुद को नास्तिक मानने वाली कम्युनिस्ट पार्टी भी अपने शासन के वक्त बंगाल के दुर्गा पूजा में हिस्सा लेती थी।
बंगाल की दुर्गा पूजा में हुई BJP की एंट्री
बंगाल की दुर्गा पूजा समितियों में इस वक्त टीएमसी का प्रभुत्व जाहिर तौर पर जारी है। वहीं भाजपा ने पहली बार दुर्गा पूजा के राजनीतिक क्षेत्र में अपनी ताकत को दिखाना शुरू कर दिया है। News18 ने कोलकाता में बीजेपी के सूत्रों के हवाले से ऐसी खबर दी है कि बंगाल में केंद्र सरकार के चार मंत्री दुर्गा प्रतिमाओं के वसर्जन होने तक राज्य में ही डटे रहेंगे।
बंगाल में दुर्गा पूजा और राजनीति
कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित पूजाओं में से एक संतोष मित्रा स्क्वायर है, जो कोलकाता स्थित भाजपा नेता सजल घोष की दुर्गा पूजा है। मध्य कोलकाता के लेबुटाला पार्क में स्थित, यह दुर्गा पूजा पंडाल भारी भीड़ खींचने वाली है। पिछले साल, चमकदार लेजर शो के साथ, इस दुर्गा पूजा के पंडाल को लाल किले का रूप दिया गया था। इसमें रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए कोलकाता पुलिस को लेजर शो को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। इस बार इस दुर्गा पूजा समिति ने अयोध्या के निर्माणाधीन राम मंदिर की तर्ज पर पंडाल को बनाया है। केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने इस हफ्ते कोलकाता का दौरा करते हुए पंडाल का उद्घाटन किया था।
जेपी नड्डा भी करेंगे कोलकाता का दौरा
शनिवार को, महासप्तमी के अवसर पर, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दिवसीय दौरे पर राज्य की राजधानी में होंगे, जहां उनका कोलकाता और आसपास के हावड़ा दोनों जिलों में कई पूजा पंडालों का दौरा करने का कार्यक्रम है। इन इलाकों में साल 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। सप्तमी के दिन सुबह 11 बजे कोलकाता में उतरने के बाद, नड्डा का सीधे हावड़ा ग्राउंड में एक दुर्गा पूजा पंडाल में जाने का कार्यक्रम है। बीजेपी के मुताबिक, नड्डा उत्सव में आयोजकों और भक्तों के साथ समय बिताएंगे। दोपहर 1 बजे, वह कोलकाता में बंगाल की सबसे प्रतिष्ठित और विरासत पूजा - शोभाबाजार राजबाड़ी का दौरा करेंगे, जिसकी शुरुआत 1757 में हुई थी। इसके बाद वह कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में पंडाल का दौरा करेंगे।
बंगाल में मौजूद हैं भाजपा के कई बड़े नेता
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी बंगाल की दुर्गा पूजा में बीजेपी की पहुंच को मजबूत करने के लिए राज्य में मौजूद हैं। शुक्रवार को, षष्ठी के अवसर पर, प्रधान ने बांगियो समाज दुर्गोत्सव सहित पांच दुर्गा पूजाओं का दौरा किया, जिसका उन्होंने उद्घाटन किया। यह पूजा कलकत्ता हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हो रही है, इसलिए बीजेपी इसे अपनी जीत मान रही है। प्रधान ने कहा "मां दुर्गा को 'अधर्म' पर 'धर्म' की जीत के लिए जाना जाता है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति की राह पर है। मेरी प्रार्थना है कि बंगाल भी उस प्रगति में भाग ले।
गोवा के सीएम भी थे बंगाल में मौजूद
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी बंगाल में थे और उन्होंने दुर्गापुर से दुबराजपुर तक पंडालों का उद्घाटन किया। बाद में, काली की मूर्ति की पूजा करते हुए उनकी एक तस्वीर बंगाल भाजपा की तरफ से जारी की गई। कैप्शन में कहा गया, "गोवा के सीएम ने मां तारा के सामने बंगाल में कानून का शासन स्थापित करने के लिए प्रार्थना की।" भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) प्रमुख और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कोलकाता में दो दुर्गा पूजा उत्सवों संतोष मित्रा स्क्वायर और मोतीलाल नेहरू स्ट्रीट पर लोकनाथ भवन में भाग लिया।
बंगाल BJP के नेता भी हैं खासे ऐक्टिव
इस बीच, बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, सांसद लॉकेट चटर्जी और दिलीप घोष जैसे राज्य के नेता भी डेली हर घंटे के हिसाब से राज्य में होने वाली दुर्गा पूजा में भाग ले रहे हैं। शुक्रवार को घोष ने सुबह 10:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 12 दुर्गा पूजा स्थलों का दौरा किया। उसी दिन, अधिकारी ने 13 दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन किया। उन्होंने दिन की शुरुआत सुबह 9 बजे पूर्वी मेदिनीपुर के सिमुल बारी इलाके में अपने गृह क्षेत्र में उद्घाटन के साथ की और रात 10 बजे अपने निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में एक और उद्घाटन के साथ इसे समाप्त किया। लोकसभा में भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में से एक, लॉकेट चटर्जी ने भी छह पंडालों का उद्घाटन किया।