Delhi Excise Policy Scam: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में गुरुवार को तिहाड़ जेल में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) से दूसरे दौर की पूछताछ की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इससे पहले 7 मार्च को 51 वर्षीय सिसोदिया से पांच घंटे पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए थे। ईडी के अधिकारियों ने कहा था कि सिसोदिया से ये पूछताछ अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण एवं कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, यह शराब नीति अब रद्द की जा चुकी है।
सिसोदिया फिलहाल न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं। ईडी ने जेल की सेल नंबर एक में कैद पूर्व डिप्टी सीएम से पूछताछ के लिए स्थानीय अदालत की इजाजत हासिल की थी। तीन दिन में सिसोदिया से दूसरी बार सवाल-जवाब हुआ है।
आरोप है कि 2021-22 में शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने से संबंधित दिल्ली सरकार की आबकारी नीति ने शराब व्यापारियों को साठगांठ का अवसर प्रदान किया। साथ ही कुछ कारोबारियों को फायदा पहुंचाया, जिन्होंने इसके लिए कथित रूप से रिश्वत दी थी। हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
जेल अधिकारियों ने AAP के आरोपों को किया खारिज
इस बीच, आम आदमी पार्टी के आरोपों को ‘निराधार’ बताते हुए दिल्ली जेल अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि मनीष सिसोदिया को तिहाड़ की केंद्रीय जेल संख्या 1 के वार्ड में रखा गया है, जहां कैदियों की न्यूनतम संख्या है और कोई गैंगस्टर नहीं है। AAP के सांसद संजय सिंह और विधायक सौरभ भारद्वाज के बयानों के बाद जेल प्रशासन ने यह प्रतिक्रिया जारी की।
भारद्वाज ने बुधवार को आरोप लगाया कि सिसोदिया को जेल में अन्य कैदियों के साथ रखा जा रहा है और उन्हें ‘विपश्यना’ सेल देने से इनकार कर दिया गया। जेल अधिकारियों ने अपनी प्रतिक्रिया में एक बयान जारी कर कहा, “मनीष सिसोदिया की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अलग वार्ड में रखा गया है।”
उन्होंने कहा कि वार्ड में कैदियों की न्यूनतम संख्या है जो गैंगस्टर नहीं हैं। जेल के अंदर उनका आचरण अच्छा रहा है। जेल अधिकारियों के अनुसार, एक अलग सेल उनके लिए बिना किसी परेशानी के ध्यान करने या ऐसी अन्य गतिविधियों को करने को संभव बनाता है।