गोवा (Goa) में एक बार फिर बीजेपी (BJP) ने कांग्रेस (Congress) को तगड़ा झटका दिया है। आठ कांग्रेस विधायक बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। साल 2019 में भी कुछ इसी तरह कांग्रेस के 10 विधायक बीजेपी में शामिल हुए थे। BJP में शामिल होने के बाद एक विधायक ने कहा, "हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) जी को मजबूत करने के लिए शामिल हुए हैं।"
BJP में शामिल होने के बाद, कांग्रेस के पूर्व विधायक माइकल लोबो ने मीडिया से कहा, "हम प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के हाथ मजबूत करने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। कांग्रेस छोड़ो, BJP को जोड़ो..."
वहीं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "मैं आज BJP में शामिल हुए 8 विधायकों का स्वागत करता हूं... कांग्रेस ने 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू की, लेकिन मुझे लगता है कि गोवा में 'कांग्रेस छोड़ो यात्रा' शुरू हुई। देश भर के लोग कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।"
40 सदस्यों वाली गोवा विधानसभा में, कांग्रेस के पास पहले 11 विधायक थे और बीजेपी के पास 20 थे। जुलाई 2019 में, कांग्रेस के 10 विधायक BJP में शामिल हो गए थे।
आठ विधायकों को बुधवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ बैठक में देखा गया। सूत्रों ने कहा कि इससे पहले दिन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस के कुल 11 विधायकों में से आठ ने गोवा कांग्रेस पार्टी का भाजपा में विलय करने का प्रस्ताव पारित किया था।
इन विधायकों ने थामा बीजेपी का दामन:
जुलाई में ऐसी खबरें आई थीं कि शीर्ष नेता दिगंबर कामत और माइकल लोबो सहित कांग्रेस के कम से कम छह विधायक BJP में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। कांग्रेस ने तब अनुरोध किया कि कामत और लोबो को दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित किया जाए।
उस समय, कांग्रेस अपने कम से कम सात विधायकों को बचाने में सफल रही, जबकि बाकी विधायकों ने कोई फैसला नहीं लिया था। लोबो और कामत के अलावा केदार नाइक और दलीला लोबो, लोबो की पत्नी, उन चार लोगों में शामिल थे, जो उस समय एक अहम पार्टी बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
माइकल लोबो को कांग्रेस ने विपक्ष के नेता पद से हटा दिया था। उन्होंने इस साल चुनाव से ठीक पहले बीजेपी से कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे।