Independence Day: अतीक के बेटे असद का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, 15 अगस्त को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

Independence Day 2024: माफिया अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर मोहम्मद गुलाम को ढेर करने वाले यूपी STF के जांबाजों को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। झांसी में 13 अप्रैल 2023 को हुए एनकाउंटर में यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्सकी टीम ने असद और मोहम्मद गुलाम को ढेर कर दिया था

अपडेटेड Aug 14, 2024 पर 4:38 PM
Story continues below Advertisement
Independence Day 2024: असद और गुलाम यूपी के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख के इनामी थे

Independence Day 2024: उत्तर प्रदेश के खूंखार गैंगस्टर अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर मोहम्मद गुलाम का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। 15 अगस्त को नई दिल्ली में यूपी पुलिस के 17 जवानों को राष्ट्रपति वीरता पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। असद और शूटर मोहम्मद गुलाम को एनकाउंटर में ढेर करने पुलिसकर्मियों को प्रेसिडेंट गैलेंट्री मेडल देने का ऐलान किया गया है। असद और गुलाम यूपी के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख के इनामी आरोपी थे।

पिछले साल झांसी में 13 अप्रैल 2023 को फरार चल रहे असद और मोहम्मद गुलाम को एनकाउंटर में ढेर करने वाली उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) टीम के 6 सदस्यों और अन्य पुलिसकर्मियों समेत कुल 17 पदाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति का वीरता पदक मिलेगा।

उत्तर प्रदेश पुलिस के ये जवान होंगे सम्मानित


एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस एनकाउंटर में शामिल पुलिस दल में DSP विमल कुमार सिंह और नवेन्दु कुमार, इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार राय और अनिल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार और सुनील कुमार तथा एसटीएफ के जवान शामिल थे। बयान के मुताबिक, 17 और 18 अगस्त, 2019 की दरमियानी रात बुलंदशहर जिले में हुई मुठभेड़ में मेहरबान उर्फ कल्लू मारा गया, जो 31 आपराधिक मामलों में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। इस मुठभेड़ में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और हरिओम सिंह को वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

सब-इंस्पेक्टर जितेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल विपिन कुमार को 9 जुलाई, 2020 को इटावा जिले में वांछित अपराधी प्रवीण उर्फ बउआ दुबे के साथ हुई मुठभेड़ में उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, प्रवीण दुबे मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे के गिरोह का सदस्य था और तीन जुलाई, 2020 को कानपुर के बिकरू इलाके में पुलिस पार्टी पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे।

विज्ञप्ति में बताया गया कि निरीक्षक राजीव चौधरी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल रईस अहमद और कांस्टेबल अरुण कुमार और अजय कुमार को चार अप्रैल, 2023 को बिजनौर जिले के स्योहारा क्षेत्र में एक मुठभेड़ के संबंध में सम्मानित किया गया। इस मुठभेड़ में 2.50 लाख रुपये का इनामी बदमाश आदित्य राणा उर्फ रवि मारा गया था।

देखें- पूरी लिस्ट

- इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार सिंह

- सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह चौहान

- हेड कांस्टेबल अनिल कुमार

- कांस्टेबल हरिओम सिंह

- सब-इंस्पेक्टर जितेन्द्र प्रताप सिंह

- कांस्टेबल विपिन कुमार

- DSP विमल कुमार सिंह

- DSP नवेन्दु कुमार

- इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार राय

- इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह

- हेड कांस्टेबल सुनील कुमार

- हेड कांस्टेबल सुशील कुमार

- इंस्पेक्टर राजीव चौधरी

- सब-इंस्पेक्टर जयवीर सिंह

- हेड कांस्टेबल रईस अहमद

- कांस्टेबल अरुण कुमार

- कांस्टेबल अजय कुमार

इसके अलावा होमगार्ड्स एवं सिविल डिफेंस सेवा से वरिष्ठ स्केल बनवारी लाल भी सम्मानित होने वालों में शामिल हैं।

1,037 पुलिस मेडल की घोषणा

केंद्र सरकार ने बुधवार (14 अगस्त) को केंद्रीय एवं राज्य बलों के 1,037 पुलिस कर्मियों के लिए सेवा पदक की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इस साल 214 कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें एक राष्ट्रपति वीरता पदक (पीएमजी) और 231 वीरता पदक (जीएम) शामिल हैं। जीएम में फायरब्रिगेड कर्मियों के लिए चार और नागरिक सुरक्षा कर्मियों के लिए एक पदक शामिल है।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सर्वाधिक 52 वीरता पदक, जम्मू-कश्मीर पुलिस को 31 वीरता पदक दिए जाएंगे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के 17-17, छत्तीसगढ़ के 15 और मध्य प्रदेश के 12 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए जाएंगे।

बहादुरी के लिए सर्वोच्च पुलिस सम्मान तेलंगाना पुलिस के हेड कांस्टेबल चादुवु यादैया को देने की घोषणा की गई है। उन्हें 25 जुलाई 2022 को दो कुख्यात चेन झपटमारों और हथियार तस्करों को पकड़ने में असाधारण वीरता का परिचय देने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि दोनों अपराधियों ने पुलिसकर्मी पर क्रूरतापूर्वक हमला किया और उसके पूरे शरीर पर चाकू से लगातार वार किया। लेकिन पुलिसकर्मी ने उन्हें बचकर भागने नहीं दिया। पुलिसकर्मी इन हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे 17 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।

ये भी पढ़ें- Anant Singh News: पूर्व बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह को बड़ी राहत, AK-47 मामले में पटना HC ने किया बरी

अन्य पदकों में विशिष्ट सेवा के लिए 94 राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए 729 पदक शामिल हैं। इन पदकों की घोषणा वर्ष में दो बार की जाती है। दूसरी बार इन पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।