I.N.D.I.A. अलायंस की तीसरी बैठक आज से मुंबई में शुरू, 28 पार्टियों के 63 नेता होंगे शामिल

I.N.D.I.A. meet in Mumbai: विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (I.N.D.I.A.) के घटक दलों के नेताओं की दो दिवसीय बैठक गुरुवार को मुंबई शुरू हो रही है। I.N.D.I.A. अलायंस की तीसरी बैठक में इस मोर्चे के पदाधिकारियों एवं समन्वय समिति, साझा न्यूनतम कार्यक्रम और आगे की रणनीति समेत कई बिंदुओं पर सहमति बनाने के मकसद से चर्चा होने की संभावना है। मुंबई के पंचसितारा ग्रैंड हयात होटल में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली इस बैठक में इस बार कुल 28 दल हिस्सा लेंगे

अपडेटेड Aug 31, 2023 पर 10:31 AM
I.N.D.I.A. meet in Mumbai: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि इस बैठक में 28 दलों के 63 प्रतिनिधि शामिल होंगे

INDIA Alliance Meeting in Mumbai: विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (I.N.D.I.A.) के घटक दलों के नेताओं की दो दिवसीय बैठक गुरुवार को मुंबई शुरू हो रही है। I.N.D.I.A. अलायंस की तीसरी बैठक में इस मोर्चे के पदाधिकारियों एवं समन्वय समिति, साझा न्यूनतम कार्यक्रम और आगे की रणनीति समेत कई बिंदुओं पर सहमति बनाने के मकसद से चर्चा होने की संभावना है। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई के पंचसितारा ग्रैंड हयात होटल में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली इस बैठक में इस बार कुल 28 दल हिस्सा लेंगे जो बेंगलुरु में हुई पिछली बैठक के मुकाबले दो अधिक होंगे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि इस बैठक में 28 दलों के 63 प्रतिनिधि शामिल होंगे।

विपक्षी गठबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार शाम विपक्षी दलों के नेता होटल में जमा होंगे। फिर वहीं पर डिनर होगा। इस दौरान अनौपचारिक बातचीत होगी। इस रात्रिभोज का आयोजन शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा किया जा रहा है। बैठक के दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह गठबंधन का 'लोगो' जारी किया जाएगा। फिर विपक्षी नेता औपचारिक बैठक करेंगे। शुक्रवार शाम के समय 'इंडिया' के घटक दलों के नेता एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।

2024 का दिलचस्प होगा चुनाव


विपक्षी दलों के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मुकाबला करने के लिए संयुक्त प्रचार रणनीति तथा अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को हल करने पर चर्चा करेंगे। पीटीआई के मुताबिक, उनके गठबंधन के साझा न्यूनतम कार्यक्रम का मसौदा तैयार करने, देशभर में आंदोलन करने के लिए संयुक्त योजनाएं बनाने और सीट बंटवारे के लिए कुछ समितियों की घोषणा करने की भी संभावना है।

कौन होगा पीएम उम्मीदवार?

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के पास प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के लिए कई विकल्प हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी के पास केवल एक ही विकल्प है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता मनोज झा ने कहा कि मुंबई की बैठक में मौजूदा सरकार की प्रतिगामी नीतियों का एक प्रगतिशील विकल्प लाने के लिए स्पष्ट रूपरेखा पेश की जाएगी।

विपक्षी गठबंधन के अपने घटक दलों के बीच सुचारू समन्वय के लिए एक सचिवालय की घोषणा करने की भी संभावना है। यह राष्ट्रीय राजधानी में बनाया जा सकता है। इसके अलावा, सदस्य गठबंधन की अगुवाई करने के लिए एक संयोजक या अध्यक्ष के मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे।

ये भी पढ़ें- Aditya-L1 की लॉन्च रिहर्सल पूरी, इसरो ने जारी की तस्वीर

मुंबई में हो रही मीटिंग पटना और बेंगलुरु के बाद इस गठबंधन की तीसरी बैठक है। गठबंधन की पहली बैठक जून में पटना में, जबकि दूसरी बैठक जुलाई में बेंगलुरु में हुई थी, जहां इसे इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया) नाम दिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।