INDIA गुट की दरार MVA तक पहुंची! शिवसेना-UBT ने मुंबई नगर निकाय चुनाव में अकेले उतरने का किया ऐलान

राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि इंडिया ब्लॉक और महा विकास अघाड़ी गठबंधन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए है, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी को संकेत दिया है कि उसे अकेले ही चुनाव लड़ना चाहिए

अपडेटेड Jan 11, 2025 पर 3:35 PM
Story continues below Advertisement
INDIA गुट की दरार MVA तक पहुंची! शिवसेना-UBT ने मुंबई नगर निकाय चुनाव में अकेले उतरने का किया ऐलान

जैसे-जैसे मुंबई के नगर निकाय चुनाव नजदीक आ रहे हैं, INDIA ब्लॉक पार्टियों में दरारें उभरती हुई साफ देखी जा सकती हैं, क्योंकि अब शिवसेना (UBT) ने अकेले चुनाव लड़ने का संदेश दे दिया है। राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि इंडिया ब्लॉक और महा विकास अघाड़ी गठबंधन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए है, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नहीं।

उन्होंने कहा, "गठबंधन में अलग-अलग पार्टियों के कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिलते और इससे संगठन के विकास में रुकावट आती है। हम अपनी ताकत के दम पर मुंबई, ठाणे, नागपुर और दूसरे नगर निगमों, जिला परिषदों और पंचायतों के चुनाव लड़ेंगे।"

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी को संकेत दिया है कि उसे अकेले ही चुनाव लड़ना चाहिए।


राज्य विधानसभा में MVA की हार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप में लिप्त रहने के लिए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा कि जो लोग आम सहमति और समझौते में विश्वास नहीं करते, उन्हें गठबंधन में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

न INDIA का कोई संयोजक, न हुई कोई बैठक

उन्होंने आगे दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद INDIA ब्लॉक ने एक भी बैठक नहीं की।

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा, "हम INDIA ब्लॉक के लिए एक संयोजक भी नियुक्त नहीं कर पाए। यह अच्छा नहीं है। गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते, बैठक बुलाना कांग्रेस की जिम्मेदारी थी।"

संजय राउत ने PM मोदी की ली चुटकी!

उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इस टिप्पणी पर कि उन्होंने अपने भाषणों में कभी भी किसानों की कर्ज माफी का जिक्र नहीं किया, राउत ने कहा, "भले ही उन्होंने इसके बारे में बात न की हो। कृषि ऋण माफी और लाडकी बहिन लाभार्थियों के लिए 2,100 रुपए का जिक्र भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में किया गया है। इन दो वादों को लागू किया जाना चाहिए। वह भाजपा सरकार में वित्त मंत्री हैं, और उन्हें यह करना होगा।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली पॉडकास्ट के दौरान की गई टिप्पणी कि वह इंसान हैं और गलतियां कर सकते हैं, पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने कहा, "वह (मोदी) भगवान हैं। मैं उन्हें इंसान नहीं मानता। भगवान हैं। अगर कोई उन्हें भगवान का अवतार घोषित करता है, तो वह इंसान कैसे हो सकते हैं? वह विष्णु के 13वें अवतार हैं। अगर कोई जिसे भगवान माना जाता है, वह कहता है कि वह इंसान है, तो कुछ गड़बड़ है। इसमें केमिकल लोचा है।"

दिल्ली चुनाव 2025: बीजेपी ने केजरीवाल नहीं आतिशी को चक्रव्यूह में फंसाया, कालकाजी सीट पर आएंगे चौंकाने वाले नतीजे!

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।