लोकसभा में विपक्ष के नेता (LOP) राहुल गांधी को गुरुवार को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में पीछे की पंक्ति में बैठाए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को सत्तारूढ़ BJP पर अपना हमला तेज कर दिया। X पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में, कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने हैरानी जताई। उन्होंने ये भी पूछा कि क्या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अग्निवीर मुद्दे पर राहुल गांधी की ओर से "घेरे जाने का बदला" ले रहे हैं? खेड़ा ने कहा, "...या यह PMO की विशिष्ट छोटी मानसिकता है।"
कांग्रेस नेता ने कहा, “मुझे साफतौर से याद है कि जब UPA सत्ता में थी, तो बीजेपी नेताओं को आगे या दूसरी पंक्ति में बैठाया जाता था। वैसे भी, जितना ज्यादा आप राहुल जी के प्रति अपना छोटापन दिखाएंगे, वह लोगों के दिलों में उतनी ही बड़ी जगह बनाते हैं।”
कांग्रेस ने परंपराओं के अनादर का लगाया आरोप
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पांचवीं पंक्ति में बैठे थे और PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को भी उनके बगल की सीट आवंटित की गई थी, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष समारोह में शामिल नहीं हुए।
बैठने की इस व्यवस्था से कांग्रेस के भीतर आक्रोश फैल गया है। नेताओं ने भाजपा पर लोकतांत्रिक परंपराओं का अनादर करने का आरोप लगाया है।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तस्वीरों में गांधी को, जिनके पास एक कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा है, सेकंड लास्ट रो में बैठे हुए दिखाया गया। यहां तक कि उन्हें ओलंपिक पदक विजेताओं के भी पीछे बैठाया गया, जिन्हें स्पेशल गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया था।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, शिवराज सिंह चौहान और एस जयशंकर आगे की पंक्ति में बैठे लोगों में से थे।
ANI ने रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा, "रक्षा मंत्रालय ने प्राथमिकता की प्रोटोकॉल टेबल का पालन किया। इस साल, ओलंपिक विजेताओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।"
इस स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता शुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "रक्षा मंत्रालय की ओर से एक मूर्खतापूर्ण बयान आया है कि 'ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि हम ओलंपियनों का सम्मान करना चाहते थे।' उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए और विनेश फोगाट को भी, लेकिन क्या अमित शाह, जेपी नड्डा, एस जयशंकर और निर्मला सीतारमण उन्हें सम्मानित नहीं करना चाहते थे?”
श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'छोटी मानसिकता' वाले व्यक्ति हैं और वह इसका सबूत देते रहते हैं।