CM केजरीवाल का बड़ा दावा- सत्येंद्र जैन के बाद अब मनीष सिसोदिया को भी जल्द किया जाएगा गिरफ्तार

केजरीवाल ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली है कि अगले कुछ दिनों में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी होने जा रही है। पता चला है कि केंद्र सरकार ने सभी जांच एजेंसियों को सिसोदिया के खिलाफ कोई न कोई फर्जी मामला तैयार करने को कहा है

अपडेटेड Jun 02, 2022 पर 3:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Satyendar Jain को पिछले सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) के बाद अब दिल्ली के डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को भी फर्जी केस में जेल भेजने की साजिश कर रही है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तरह ही सिसोदिया को ‘फर्जी’ मामले में जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि जैन को पिछले सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था।

ये भी पढ़ें- DGCA ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर एयर विस्तारा पर लगाया 10 लाख रुपये का जुर्माना


मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे कुछ माह पहले विश्वसनीय सूत्रों से पता चल गया था कि सत्येंद्र जैन को एक फर्जी मामले में गिरफ्तार किया जाने वाला है। अब मुझे उसी सूत्र से पता चला है कि एक अन्य फर्जी मामले में सिसोदिया को भी अगले कुछ दिनों में गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने सिसोदिया को ‘दिल्ली में शिक्षा आंदोलन का जनक’ और स्वतंत्र भारत का सर्वक्षेष्ठ शिक्षा मंत्री बताया। केजरीवाल ने कहा कि सिसोदिया ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने (सिसोदिया ने) केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश भर के बच्चों में उम्मीद जगाई है कि उन्हें सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा मिल सकती है। मैं सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता पिता से पूछना चाहूंगा कि क्या वह (सिसोदिया) भ्रष्ट हैं?

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए अच्छे कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं की गिरफ्तारी देश के लिए नुकसानदायक है।

उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करता हूं कि आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी विधायकों को एक साथ गिरफ्तार किया जाए। उन्हें एक के बाद एक गिरफ्तार करने से, चल रहे अच्छे काम रुक जाएंगे। उन्हें एकसाथ गिरफ्तार कीजिए, ताकि बाद में (रिहा होने पर) हम अच्छे काम आगे बढ़ा सकें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।