BSP ने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A से बनाई दूरी, मायावती ने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का किया ऐलान

मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव का समय अब बेहद नजदीक है। सत्ताधारी गठबंधन एवं विपक्षी गठबंधन की बैठकों का दौर चल रहा है। हालांकि इन मामलों में हमारी पार्टी भी पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि एकतरफ सत्ता पक्ष NDA अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की दलीलें दे रही है तो दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन सत्ताधारी को मात देने के लिए कार्य कर रही है और इसमें BSP भी पीछे नहीं है

अपडेटेड Jul 19, 2023 पर 12:07 PM
Mayawati: मायावती ने विपक्षी गठबंधन को इस घोषणा के साथ तगड़ा झटका दिया है

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती (BSP chief Mayawati) ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में शामिल नहीं होगी। BSP प्रमुख ने 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का ऐलान किया है। मायावती ने विपक्षी गठबंधन को इस घोषणा के साथ तगड़ा झटका दिया है। मायावती ने कहा कि हम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि विपक्ष के 26 दलों ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछाने का आगाज करते हुए मंगलवार को इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (I.N.D.I.A) नाम से नए गठबंधन की घोषणा की।

मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव का समय अब बेहद नजदीक है। सत्ताधारी गठबंधन एवं विपक्षी गठबंधन की बैठकों का दौर चल रहा है। हालांकि इन मामलों में हमारी पार्टी भी पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि एकतरफ सत्ता पक्ष NDA अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की दलीलें दे रही है तो दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन सत्ताधारी को मात देने के लिए कार्य कर रही है और इसमें BSP भी पीछे नहीं है।

BSP प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने जैसी जातिवादी और पूंजीवादी सोच रखने वाली पार्टी के साथ गठबंधन करके फिर से सत्ता में आने की सोच रख रही है। साथ ही NDA फिर से सत्ता में आने का दावा ठोक रही है। उन्होंने कहा कि लेकिन इनकी कार्यशैली यही बताती है कि इनकी नीति और सोच लगभग एक जैसी ही रही है। यही कारण है कि BSP ने इनसे दूरी बनाई है। मायावती ने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ेंगे। हम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। मायावती ने कहा कि हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों में हम राज्य के क्षेत्रीय दलों के साथ चुनाव लड़ सकते हैं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 2024 में बीजेपी से मुकाबला करने के लिए विपक्ष के 26 दलों के नवगठित गठबंधन I.N.D.I.A को मजबूरी का गठबंधन करार दिया। उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक बैठक में कहा, वे (विपक्षी पार्टियां) "पास-पास" आ सकते हैं, लेकिन "साथ, साथ" नहीं हैं। पीएम मोदी ने दिन की शुरुआत में विपक्षी दलों और बेंगलुरु में उनकी एकता के प्रदर्शन पर तीखा हमला किया। पीएम ने दावा किया कि उनमें से कई विभिन्न राज्यों में "एक-दूसरे के खून के प्यासे" हैं, जहां वे एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हैं।

ये भी पढ़ें- NDA की बैठक में नाराजगी के बीच चिराग पासवान ने चाचा के छुए पैर, तो पशुपति पारस ने भतीजे को लगाया गले

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।