दिल्ली BJP प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उस बंगले का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बतौर दिल्ली के मुख्यमंत्री कभी केजरीवाल रहा करते थे। उन्होंने कहा कि यह "भ्रष्टाचार का संग्रहालय" है। सचदेवा ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया, खुद को आम आदमी कहने वाले अरविंद केजरीवाल की अय्याशी के शीशमहल की सच्चाई हम बताते आए हैं। आज आपको दिखाएंगे भी! जनता के पैसे खाकर अपने लिए 7-Star Resort का निर्माण करवाया है!"
उन्होंने दावा किया कि बंगले में सुविधाओं की लागत ₹3.75 करोड़ है, यह कहते हुए कि जिसमें एक जिम, सौना रूम और जकूजी भी लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगले की संगमरमर ग्रेनाइट लाइटिंग की लागत ₹1.9 करोड़ है, जबकि सिविल वर्क के लिए अतिरिक्त ₹1.5 करोड़ की जरूरत है। सचदेवा ने यह भी दावा किया कि अकेले जिम और स्पा फिटिंग की लागत ₹35 लाख है।
दिल्ली BJP ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, “यह 'शीश महल' है, जिसे वह दिल्ली के लोगों से छिपाना चाहता था। हम इसका पहला वीडियो भी दिखा रहे हैं। उस घर के बाथरूम और जिम को देखो। वहां ग्रेनाइट और उपकरण हैं, सौना और जकूज़ी भी है, जैसे कि 7-स्टार रिसॉर्ट होता है।”
उन्होंने कहा, “यह खुद को आम आदमी कहने वाले अरविंद केजरीवाल के जमा किए गए काले धन की सच्चाई है। उन्हें जवाब देना होगा कि वह अपना घर क्यों छिपाना चाहते थे और घर की चाबी क्यों छिपाना चाहते थे। यह सीएम आवास नहीं है, यह भ्रष्टाचार का संग्रहालय है।"
उन्होंने कहा, “उन्हें इसे लोगों के लिए खोलना चाहिए। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह इस महल के दरवाजे खोलें और दिल्ली के लोगों को बताएं कि उन्होंने उन्हें कैसे मूर्ख बनाया है... यह घोटालों की सरकार है। उन्होंने दिल्ली को शर्मसार किया है।”
AAP ने बताया 'निराधार प्रचार'
वहीं AAP ने आरोपों को BJP का "निराधार प्रचार" बताकर खारिज कर दिया। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि बीजेपी जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
NDTV के मुताबिक, AAP ने कहा, "हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में स्कूलों, मिड डे मील और अस्पतालों के लिए फंड के मिस मैनेज के बारे में अहम सवालों का जवाब देने के बजाय, वे केजरीवाल के पूर्व आधिकारिक आवास पर ध्यान केंद्रित करते हैं। लोग शिक्षा और स्वास्थ्य सुधारों के बारे में पूछते हैं, वे बंगले के बारे में बात करते हैं।"