G20 Dinner: नीतीश कुमार और एमके स्टालिन सहित राष्ट्रपति के डिनर में ये विपक्षी CM हुए शामिल

G20 Dinner: तमिलनाडु के सीएम स्टालिन दक्षिण भारत के एकमात्र मुख्यमंत्री थे, जो इस डिनर पार्ट में शामिल हुए। उन्‍होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर कीं। इससे एक बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर समर्थक और विरोधी टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है

अपडेटेड Sep 10, 2023 पर 4:08 PM
Story continues below Advertisement
G20 Dinner: नीतीश कुमार की तस्वीर ने सोशल मीडिया पर सभी का ध्यान खींचा

G20 Dinner: जी-20 सम्मेलन के तहत वर्ल्ड लीडर्स के स्वागत में शनिवार (9 सितंबर) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रात्रिभोज का आयोजन किया था। इस हाई प्रोफाइल डिनर पार्टी के लिए विदेशी मेहमानों के अलावा भारत के कई राजनेताओं और देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया था। राष्ट्रपति की तरफ से रखे गए इस डिनर पार्टी में बीजेपी शासित राज्यों के अलावा कई विपक्षी राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे थे। G20 डिनर पार्टी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए, जिनके नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. का गठन हुआ था।

नीतीश कुमार की तस्वीर ने सोशल मीडिया पर सभी का ध्यान खींचा। एक तस्वीर इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रही है जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ नीतीश कुमार और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नजर आ रहे हैं। नीतीश कुमार की JDU और BJP पहले बिहार में सहयोगी थीं। लेकिन बाद में अलग होकर RJD, कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के साथ राज्य में नई सरकार बनाई थी।

ये भी पढ़ें- G20 Summit: भारत की यात्रा समाप्त होने के बाद वियतनाम रवाना हुए जो बाइडेन, राजघाट पर बापू को दी श्रद्धांजलि


इसके अलावा इस हाइ प्रोफाइल डिनर पार्टी में हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खु और मिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी पहुंचे। सुखविंदर सुक्खु ने सोशल मीडिया 'X' पर डिनर पार्टी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "G20 डिनर के बाद पीएम मोदी से हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के गंभीर परिणामों पर बातचीत करने का मौका मिला।"

सीएम स्टालिन दक्षिण भारत के एकमात्र मुख्यमंत्री थे, जो इस डिनर पार्ट में शामिल हुए। उन्‍होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर कीं। इससे एक बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर समर्थक और विरोधी टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है।

जबकि DMK ने कहा है कि यह प्रशासनिक कारणों से एक आधिकारिक बैठक थी। कई लोगों ने बैठक में भाग लेने के लिए स्टालिन की आलोचना की है, क्योंकि जमीनी स्तर पर केंद्र में BJP शासित सरकार के साथ DMK बड़े टकराव में है। डिनर की तस्वीर में स्टालिन जो बाइडेन से गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं।

विपक्षी मुख्यमंत्रियों के अलावा महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने भी इस डिनर में शामिल होने की जानकारी दी। भारत मंडपम में आयोजित जी20 डिनर में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने भी शिरकत की। सरमा ने इस दौरान सिंगापुर के पीएम से मुलाकात की।

इसके अलावा उन्होंने ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के साथ भी फोटो खिंचवाई। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी डिनर पार्टी में शामिल हुई थीं। हेमंत सोरेन के साथ बनर्जी की एक तस्वीर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई अन्य दिग्गज डिनर पार्टी में शामिल हुए।

Akhilesh

Akhilesh

Tags: #G-20

First Published: Sep 10, 2023 4:03 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।