PM मोदी की BJP सांसदों को नसीहत, बोले- 'खुद में परिवर्तन लाइए, नहीं तो परिवर्तन वैसे भी हो जाता है' 

BJP संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को कड़ी नसीहत दी

अपडेटेड Dec 07, 2021 पर 3:52 PM
पीएम ने सभी सांसदों को संसद सत्र के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने का निर्देश दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसदों से कहा कि संसद में उन्हें अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए, भले ही महत्वपूर्ण विधेयक सूचिबद्ध हों या ना हों, क्योंकि लोगों ने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें चुनकर संसद में भेजा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही। इस दौरान पीएम मोदी ने संसद में सांसदों की गैरहाजिरी पर नाराजगी व्यक्त की।

Winter Session: राहुल गांधी ने लोकसभा में दी आंदोलन में जान गंवाने वाले 500 किसानों की लिस्ट, मुआवजे की उठाई मांग


पीटीआई को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संसद में बीजेपी सदस्यों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘बच्चों को बार-बार टोका जाए तो उन्हें भी अच्छा नहीं लगता है... अपने आप में परिवर्तन लाइए, नहीं तो परिवर्तन वैसे ही हो जाता है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने सभी सांसदों को संसद सत्र के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने का निर्देश दिया।

सभी दिग्गज नेता थे मौजूद

संसद के शीतकालीन सत्र में यह बीजेपी संसदीय दल की पहली बैठक थी। आम तौर पर बीजेपी संसदीय दल की बैठक संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी बिल्डिंग में होती है लेकिन वहां जारी मरम्मत कार्य के चलते पहले हफ्ते संसदीय दल की बैठक नहीं हो सकी थी। आज की बैठक आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

माफी मांगने पर वापस हो जाएगा सांसदों का निलंबन

बैठक के बाद पत्रकारों को संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि राज्यसभा के 12 निलंबित सदस्य अगर आज माफी मांग लेते हैं तो उनका निलंबन वापस ले लिया जाएगा। आपको बता दें कि इन सदस्यों के निलंबन के मुद्दे पर विपक्षी सदस्य संसद के दोनों सदनों में हंगामा कर रहे हैं और इसकी वजह से कामकाज बाधित हुआ है।

PM मोदी मुस्लिम बहुल देश भरोसेमंद सहयोगियों UAE और कुवैत के दौरे से करेंगे नए साल की शुरुआत!

जिन सदस्यों को निलंबित किया गया है उनमें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के इलामारम करीम, कांग्रेस की फूलो देवी नेताम, छाया वर्मा, रिपुन बोरा, राजमणि पटेल, सैयद नासिर हुसैन, अखिलेश प्रताप सिंह, तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन और शांता छेत्री, शिव सेना की प्रियंका चतुर्वेदी और अनिल देसाई तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विनय विस्वम शामिल हैं।

राज्यसभा के इन सदस्यों को मॉनसून सत्र के दौरान अशोभनीय आचरण करने के कारण, पिछले सप्ताह सोमवार, 29 नवंबर को आरंभ हुए संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन, इस सत्र की शेष अवधि के लिए उच्च सदन से निलंबित कर दिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।