Priyanka Gandhi Vadra Affidavit: प्रियंका गांधी वाड्रा के पास लगभग 12 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जबकि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के पास करीब 66 करोड़ रुपये की संपत्ति है। यह जानकारी वायनाड से लोकसभा उपचुनाव के दौरान प्रियंका गांधी की ओर दाखिल हलफनामे में सामने आई है। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी और उनके पति की संपत्ति का सार्वजनिक रुप से खुलासा हुआ है। प्रियंका गांधी की सबसे मूल्यवान संपत्ति शिमला के पास 12,000 स्क्वायर फीट का फार्महाउस है, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत 5.64 करोड़ रुपये बताई गई है। उनके पास एक होंडा CRV कार भी है, जिसकी कीमत 8 लाख रुपये है, जिसे उन्होंने अपने पति से गिफ्ट के रूप में पाया है।
इसके अलावा, प्रियंका के पास 2.24 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड और 1.16 करोड़ रुपये के आभूषण हैं। प्रियंका के पास राहुल गांधी के साथ दिल्ली के महरौली में 2.10 करोड़ रुपये की कृषि भूमि भी है। हलफनामे के मुताबिक, प्रियंका ने 2012-13 में दाखिल उनके आयकर रिटर्न के लिए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से शुरू की गई पुनर्मूल्यांकन की कार्यवाही को चुनौती दी है। इसमें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट 15.75 लाख रुपये की मांग की थी। यह मामला अभी भी CIT (A) के समक्ष लंबित है।
गुरुग्राम में वाड्रा के पास विभिन्न संपत्तिया भी हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत 27.64 करोड़ रुपये है। उन्होंने इन संपत्तियों को 2.78 करोड़ रुपये में खरीदा था और इनके विकास के लिए 3.62 करोड़ रुपये का निवेश किया था। हलफनामे में यह भी बताया गया है कि वाड्रा पर लगभग 10 करोड़ रुपये का कर्ज भी है।
आयकर विभाग को वाड्रा से चाहिए 80 करोड़!
हलफनामे में यह भी खुलासा किया गया है कि आयकर विभाग ने 2010 से 2021 तक 11 सालों में वाड्रा की ओर से दाखिल किए गए आयकर रिटर्न के संबंध में 28 मार्च, 2023 को मूल्यांकन की कार्यवाही शुरू की थी। आयकर विभाग ने वाड्रा से 80 करोड़ रुपये की मांग की है, जिसमें सबसे बड़ी मांग 24.16 करोड़ रुपये की है, जो वित्त वर्ष 2019-20 के लिए की गई थी। हलफनामे में कहा गया है, "इन आदेशों के खिलाफ सीआईटी (ए) के समक्ष अपील की गई है। फिलहाल अपील लंबित हैं।"
वाड्रा ने 2023-24 में कुल आय 15.09 लाख रुपये घोषित की, जो 2019-20 में घोषित 55.58 लाख रुपये से काफी कम है। वहीं, प्रियंका ने पिछले वित्त वर्ष में 46.39 लाख रुपये की आय घोषित की।