ओडिशा और बंगाल में आने वाला चक्रवाती तूफान दाना 24 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे भीतर कणिका नेशनल पार्क और धामरा पोर्ट के पास लैंड करेगा। जिस वक्त ये तूफान सतह से टकराएगा। इसकी रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। तूफान की वजह से ओडिशा और बंगाल में तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है। बंगाल और ओडिशा के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। तूफान को देखते हुए दोनों राज्यों में एनडीआरएफ की कई टीमें अलर्ट पर हैं। कोलकाता एयरपोर्ट पर 16 घंटे तक उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। वहीं 500 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने दावा किया कि राज्य सरकार चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने और नहीं घबराने की अपील की है। सीएम ने कहा कि उन्होंने चक्रवात प्रबंधन को संभालने के लिए कई जिलों में मंत्रियों और अनुभवी अधिकारियों को तैनात किया है। माझी ने कहा कि राज्य के प्रभावित क्षेत्रों से 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित ठाने पर पहुंचा दिया गया है। प्रशासन ने 10 लाख लोगों को सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
ओडिशा के 14 जिलों में छुट्टी
तूफान का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और पश्चिम बंगाल पर होगा। इसके चलते भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक करीब 16 घंटे फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। इसके अलावा 552 ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। साउथ ईस्ट रेलवे ने 150, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198, ईस्टर्न रेलवे ने 190 ट्रेनें और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं ओडिशा के 14 जिलों में स्कूल-कॉलेज की 25 अक्टूबर तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। सभी टूरिज्म पार्क, ओडिशा हाईकोर्ट 25 अक्टूबर तक बंद कर दिए हैं। दाना चक्रवाती तूफान फिलहाल ओडिशा के तट से करीब 250 किलोमीटर दूर है। फिलहाल 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आगे बढ़ रहा है।
'हाई अलर्ट' पर इंडियन कोस्टगार्ड
चक्रवाती तूफान दाना 24-25 अक्टूबर को टकरा सकता है। इस बीच इंडियन कोस्टगार्ड टीम हाई अलर्ट पर है। समुद्र में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अपने जहाजों और विमानों को तैनात कर दिया है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तटरक्षक बल हर एक स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है। इससे निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।